बीकानेर/श्रीडूंगरगढ़. तहसील के सातलेरा गांव के पास शुक्रवार को एक बाइक को जीप (पिकअप) ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर शवों को श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम को बिग्गा निवासी देवाराम (32) पुत्र मोटाराम मेघवाल एवं हीरालाल (27) पुत्र हुलासाराम मेघवाल बाइक पर सवार होकर गांव जा रहे थे। तभी सातलेरा गांव के पास तेजगति से आई जीप के चालक ने बाइक को चपेट में ले लिया, जिससे बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने जीप चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
क्षतिग्रस्त पोल दे रहा हादसे को न्योता, शिकायत पर भी नहीं हो रही सुनवाई
नोखा. कंवलीसर से कक्कू जाने वाली रोड पर एक विद्युत पोल लम्बे समय से क्षतिग्रस्त है तथा हादसे को न्योता दे रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक इस रोड से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। जिप सदस्य भूपेंद्र सिंह बीदावत ने बताया कि टूटे पोल को बदलने के लिए कई बार बैठकों में विभाग के अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं फिर भी इसे बदला नहीं जा रहा है। रोड़ के किनारे पर लगाए गए पोल से बिजली लाइन क्रॉस हो रही है। तेज हवा से यह टूटा पोल रोड पर गिर गया। इस पोल को तुरंत बदलवाने की मांग की गई।
[MORE_ADVERTISE1]




No comments:
Post a Comment