अलवर.राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के नयागांव प्रतापपुरा में रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में प्रशासन ने दो जेसीबी की सहायता से हटाकर रास्ता को अतिक्रमण मुक्त करा लिया है। अतिक्रमण हटाते समय अधिकारियों को विरोध का सामना करना पड़ा तथा कुछ महिलाओं ने खरी-खोटी सुनाई। अतिक्रमण हटाने के दौरान व्यवधान पैदा करने पर पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। आक्रोशित ग्रामीण ने पत्थर मारकर जेसीबी का शीशा तोड़ दिया।
तहसीलदार बाबूलाल मीना ने बताया कि नयागांव प्रतापपुरा के स्कूल से कल्याण का कुआं तक राजस्व रिकॉर्ड में रास्ता था, लेकिन रास्ते पर कुछ काश्तकारों ने मेड़ बनाकर तथा पेड़ लगाकर अतिक्रमण कर लिया। सन् 2006 से न्यायालय में रास्ते का विवाद चल रहा था । उक्त रास्ते की पैमाइश की मांग की गई। रास्ते की पैमाइश कर दी गई, लेकिन पुलिस जाब्ता नहीं होने के कारण अतिक्रमण नहीं हटाया जा सका। शुक्रवार को तहसीलदार बाबूलाल मीना के नेतृत्व में राजस्व कर्मचारी एवं पुलिस जाब्ता दो जेसीबी मशीनों के साथ नयागांव प्रतापपुरा पहुंचा। जहां निशान लगाकर दो जेसीबी मशीनों की सहायता से करीब एक किलोमीटर लंबे रास्ते से मेड़ एवं बड़ी संख्या में हरे पेड़ों को हटाकर रास्ता बनाने का कार्य किया गया। अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ महिलाओं ने बार-बार विरोध किया जिसे पुलिसकर्मियों ने समझाइश कर दूर किया। अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ महिलाओं ने अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई तथा अतिक्रमण हटाने के दौरान बार-बार कर्मचारियों को विरोध का सामना करना पड़ा। तहसीलदार ने बताया कि आक्रोशित ग्रामीण ने पत्थर फेंककर जेसीबी का शीशा फोड़ दिया। उसके बाद पुलिस पुन: जेसीबी को लेकर मौके पर पहुंची तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने अतिक्रमण हटाने के दौरान व्यवधान उत्पन्न करने पर सेठानी मीना व मल्ली देवी मीना को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया।





No comments:
Post a Comment