उदयपुर/ कोटड़ा. udaipur murder case उपखण्ड के मांडवा थाना क्षेत्र में रंजिश के बीच एक युवक की कुल्हाड़ी से हत्या करने का मामला सामने आया है। हत्या के बाद थला निवासी लक्ष्मण (45) पुत्र भूरा गमार का शव मुर्दाघर में रखवाया गया है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से वार्ता जारी है। निष्कर्ष के अभाव में शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका। थानाधिकारी पवन कुमार ने बताया कि थला निवासी लक्ष्मण यहां लोकाई आयोजन को लेकर गरा गांव निवासी उसके साढू के घर आया था। शाम करीब 5 बजे उसके लौटते समय पेड़ की आड़ में घात लगाए हुए भाडिय़ा पुत्र मोहन ने कुल्हाड़ी से वार किया। इससे लक्ष्मण की मौके पर मौत हो गई। जानकारी में सामने आया कि लक्ष्मण ने भाडिय़ा की पत्नी शारदा का अन्य जगह रिश्ता तय कराया था। इससे पहले मामूली अनबन के बीच शारदा उसके पति भाडिय़ा और दो बच्चों को छोड़कर पीहर चली गई थी। चूंकी लक्ष्मण रिश्ते में शारदा का मौसा लगता है, जिसने शारदा की शादी गांव के ही दूसरे व्यक्ति से करा दी थी। भाडिय़ा इस बात को लेकर लक्ष्मण से खफा था। रंजिश के बीच उसने मौका पाकर धावा बोल दिया। इधर, हत्या के बाद गुरुवार सुबह मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट पुलिस को दी। मृतक के परिजनों ने पुलिस से दखलनदाजी नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपी पक्ष के बीच उनका समझौता नहीं होता। अंतिम संस्कार की रस्म नहीं होगी। फोटो केप्शन: हत्या के बाद कस्बा मुख्यालय के गांधी मैदान में जमा हुए हथियारमंद परिजन।
नौ लाख में तय मौताणा
इधर, गुरुवार को दोनों पक्षों के बीच मौताणे को लेकर जारी वार्ता गुरुवार देर शाम नौ लाख रुपए पर जाकर अटकी। मौके पर मौजूद पंचों ने यहां पीडि़त परिवार को हाथोंहाथ 50 हजार रुपए दिलाए। दूसरी ओर पुलिस इस मामले को लेकर इनकार कर रही है।
थानों से जुटा जाप्ता
हत्या के बाद माहौल बिगडऩे की आशंका के बीच एडिशनल एसपी दिनेश कुमार के अलावा कोटड़ा सर्किल के सभी थानों का जाप्ता मौके पर जमा रहा। दूसरी ओर सुबह से ही परिजनों के बीच आपसी वार्ता का दौर जारी रहा। पुलिस प्रशासन ने लोगों पर नजरें रखी, लेकिन मौताणे को लेकर दूरी बनाए रखी।
मौताणे की जानकारी नहीं
पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। दोनों पक्षों में सामाजिक स्तर पर मोतबिर एवं पंचों के माध्यम से समझौता हुआ है। दोनों पक्षों ने लिखित में राजीनामा दिया है। मौताणे की जानकारी नहीं है।
दिनेश कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक





No comments:
Post a Comment