Breaking News
recent

हिमस्खलन में राजस्थान के 2 जवानों समेत 4 शहीद, गांव में छाई शोक की लहर

जयपुर। उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर हिमस्खलन ( avalanche ) की दो घटनाओं में राजस्थान के दो जवानों सहित चार जवान शहीद ( rajasthan jawan Martyr ) हो गए। वहीं, चार जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तंगधार में राजस्थान के झुंझुनूं के खेतड़ी तहसील की हरडिय़ा की ढहरवाली की ढाणी के राजेंद्र सिंह और चूरू की तारानगर तहसील के साहवा निवासी कमल कुमार भी शहीद हो गए। राजेंद्र के परिवार में वीरांगना सरोज, एक पुत्र और एक पुत्री है। कमल 2018 में सेना में भर्ती हुए थे। उनके पिता सेना में हवलदार के पद से सेवानिव़ृत्त हैं।

शहीद हुए तीसरे जवान की पहचान हरियाणा के झज्जर निवासी अमित के रूप में हुई है। दूसरी ओर, बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर के बख्तूर इलाके में बर्फीले तूफान की चपेट में आने से जवान अखिल शहीद हो गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीराम दिनकर ने बताया कि मंगलवार को कुपवाड़ा के तंगधार में हिमस्खलन से जाट रेजीमेंट के 4 जवान दब गए थे। सूचना पर पास की पोस्ट के जवान और हेलिकॉप्टर बचाव कार्य के लिए भेजा गया। एक जवान का शव रात को बरामद हो गया था। वहीं, बर्फ में दबे एक जवान को बचाकर अस्पताल भेजा गया। अन्य दो जवानों के शहीद होने की सूचना बुधवार को मिली।

पिछले माह भी 4 जवान हुए थे शहीद
पिछले माह सियाचिन में हिमस्खलन में चार जवान शहीद हो गए थे। दो पोर्टरों की भी मौत हुई थी। बाद में हुई अन्य घटना में दो सैनिक शहीद हो गए थे।

वहीं दूसरी ओर... आपसी गोलीबारी में 6 आइटीबीपी जवानों की मौत, राजस्थान का सीताराम दून गंभीर रूप से घायल
नारायणपुर (छत्तीसगढ़). जिला मुख्यालय से 45 किमी दूर कड़ेनार बेस कैंप में बुधवार की सुबह 8.45 पर आइटीबीपी के जवानों के बीच विवाद हो गया। विवाद इस कदर बढ़ा कि मसूद-उल-रहमान नाम के जवान ने साथियों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। गोलीबारी में 5 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद जवान मसूद उल ने खुद को भी गोली मार ली। विवाद में बीच बचाव कर रहे 2 अन्य जवान भी गंभीर रूप घायल हो गए। घायलों को हेलिकॉप्टर से रायपुर भेज गया है। आला अधिकारी कड़ेनार कैंप पहुंचे व छानबीन शुरू की हैै। फिलहाल गोलीकांड की सही वजह का पता नहीं चल सका है। इधर मृत जवानों के शवों को गृह ग्राम रवाना कर दिया गया है।

पांच राज्यों के जवान हताहत
गोलीबारी में कांस्टेबल मसूदुल रहमान (नादिया, पश्चिम बंगाल), हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह (बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश), हेड कांस्टेबल दलजीत सिंह (लुधियाना पंजाब), कांस्टेबल सुरजीत सरकार (बर्दवान, पश्चिम बंगाल), कांस्टेबल बिस्वरुप महतो (पुरुलिया, पश्चिम बंगाल), कांस्टेबल बिजेश निवासी (कोझिकोड, केरल) गोलीबारी में मारे गए हंै। कांस्टेबल एसबी उलस (तिरुवंदपुरम, केरल) और कांस्टेबल सीताराम दून (नागौर, राजस्थान) घायल हैं।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.