अजमेर.
कारागार में थका देने वाली ड्यूटी व चुनौतियों के बीच खेलकूद जवानों को स्वस्थ रखता है। प्रतियोगिता खेल कौशल को परखने का अच्छा तरीका है। यह बात अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जेल) मालिनी अग्रवाल ने कही। वे मंगलवार सुबह जयपुर रोड कारागार प्रशिक्षण संस्थान में 7वीं प्रिजन ड्यूटी मीट के उद्घाटन समारोह में बोल रही थी।
एडीजी मालिनी अग्रवाल ने कहा कि प्रतियोगिता में प्रहरी से लेकर जेल अधीक्षक स्तर तक के अधिकारी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने जेल ड्यूटी के बाद प्रत्येक जवान को कोई एक खेल खेलना चाहिए। खेल से काम के दबाव को कम किया जा सकता है। इससे पूर्व उन्होंने ध्वजारोहण कर मार्चपास्ट की सलामी ली। प्रतियोगिता में वॉलीबाल का पहला मैच खेला गया। समारोह में महानिरीक्षक कारागार विक्रमसिंह कर्णावत, हाई सिक्योरिटी जेल अधीक्षक व अजमेर सेन्ट्रल जेल अधीक्षक नरेन्द्र चौधरी समेत आलाधिकारी मौजूद थे।
ग्यारह टीमें हुई शामिल
संस्थान के प्राचार्य पारस जांगिड़ ने बताया कि समारोह में 11 मंडल की टीमें हिस्सा ले रही है। जेटीआई में तीन दिवसीय प्रिजन ड्यूटी मीट का आयोजन चौथी बार किया जा रहा है। इसमें प्रहरी से अधीक्षक स्तर के कर्मचारी व अधिकारी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में वॉलीबाल, कबड्डी, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, कैरम, कराटे व एथलेटिक्स की प्रतिस्पद्र्धाए होंगी। प्रतियोगिता में जोधपुर मंडल के जेलर जगदीश पूनिया, बीकानेर के डिप्टी जेलर विजयसिंह, कोटा जेलर प्रहलाद गंगवाल, जयपुर बृजेश दीक्षित, अजमेर डिप्टी जेलर मुकेश भाटी, भरतपुर जेलर राजवीरसिंह , जेटीआई डिप्टी जेलर अजीतसिंह, मुख्यालय कारागार सहायक प्रशासनिक अधिकारी मोहनसिंह शेखावत, श्रीगंगानगर जेलर रवि, अलवर डिप्टी जेलर नवल किशोर शर्मा व उदयपुर के डिप्टी जेलर हेमंत साल्वी टीमका नेतृत्व कर रहे है।





No comments:
Post a Comment