अलवर. जिले में पिछले कुछ समय से जरख, पैंथर आबादी क्षेत्रों तक पहुंच लोगों में दहशत ही नहीं, उन्हें हमला कर घायल भी करने लगे हैं।
पिछले दिनों अलवर के समीपवर्ती हाजीपुर डढीकर में दो दिन जंगली वन्यजीव ने हमला कर 6 ग्रामीणों को घायल कर दिया। वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने पर वहां जरख के पगमार्क मिले, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि हमला पैंथर ने किया है। बाद में घायलों का सामान्य चिकित्सालय में उपचार कराया गया।
पिंजरे लगाए, चिह्नित नहीं हुआ हमलावर वन्यजीव
वन विभाग ने हाजीपुर डढीकर क्षेत्र में वन्यजीव के हमले में ग्रामीणों को घायल करने के बाद दोनों घटना स्थलों पर दो पिंजरे लगवाए और उनमें वैट बांधा, लेकिन कई दिनों के इंतजार के बाद भी पिंजरे में कोई भी वन्यजीव नहीं आया। हालांकि दो दिनों के हमले के बाद से डढीकर क्षेत्र में किसी को पैंथर या जरख दिखने की सूचना नहीं है। वन विभाग की टीम अभी घटना स्थलों पर ही मॉनिटरिंग के लिए तैनात है। सरिस्का की टीम भी हमलावर वन्यजीव को टं्रकुलाइज करने पहुंची, लेकिन हमलावर वन्यजीव नहीं मिल सका।
पूर्व में पैंथर शहर की पॉश कॉलोनी तक पहुंचे
पूर्व में दो बार पैंथर जंगल छोड़ अलवर शहर की पॉश कॉलोनियों में पहुंच गए। दोनों ही बार वनकर्मियों व वन्यजीव प्रेमियों ने मशक्कत कर पैंथर को ट्रंकुलाइज कर जंगलों में छोड़ा। पूर्व में एक बार पैंथर शहर की पॉश कालोनी स्कीम नम्बर दो व एक बार जयकृष्ण क्लब व वन विभाग के कार्यालय तक पहुच गया। गनीमत यह रही कि दोनों ही बार पैंथर के शहर में आने से कोई जनहानि नहीं हुई।
खैरथल क्षेत्र में जरख के हमले में एक व्यक्ति घायल
थानागाजी क्षेत्र के घाटा स्टैंड से पहले ढिगारिया नदी पर रविवार को चींटियों को आटा डालने गए ग्राम हिंसला निवासी बब्बू गुर्जर को जरख ने हमला कर घायल कर दिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है और जरख को ट्रंकुलाइज कर सरिस्का छुड़वाया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि हिंसला गांव निवासी रविवार को सुबह करीब 8 बजे ढिगारिया नदी पर चींटियों को आटा डालने गया था। आटा डालते समय अचानक पडोस की झाडिय़ों से निकल कर जरख ने उस पर हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर सडक़ से गुजर रहे लोग वहां पहुंचे। जिन्होंने पत्थर मार कर जरख से छुड़ाया। व्यक्ति के हाथ व पैरों में बड़े घाव आए हें। ग्रामीणों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। विराट नगर से चिकित्सकों ने घायल को जयपुर रैफर कर दिया।
बाद में पहुंचे वन अधिकारी
जरख के हमले की सूचना थानागाजी थानाधिकारी सज्जन कुमार मय जाप्ते के पहुंचे। फिर रेंजर विकास शर्मा भी टीम के साथ आ गए। सरिस्का रेंज से आए क्षेत्रीय वनअधिकारी शंकर सिंह शेखावत ने जरख को ट्रंकुलाइज किया। इसके बाद जरख को वापस सरिस्का छोड़ा गया। इस दौरान लक्षमण प्रसाद वन पालक, वनपाल सुमरन सिंह, रामवतार मीणा वन रक्षक,धर्मेंद्र कुमार शर्मा वनपाल, कैलाश चंद शर्मा वनपाल, विजेंद्र कुमार बेरवा वनपालक आदि वनकर्मी मौजूद थे। फिलहाल जरख को बाड़े में रखा गया है।





No comments:
Post a Comment