चेन्नई। भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मैच में 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के बाद टीम इंडिया तीन मैचों की सीरीज में 0-1 से पिछड़ गई है। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इस हार का ठीकरा अपने ही सिर पर फोड़ा। दरअसल, मैच के बाद कोहली ने 6 गेंदबाज खिलाने के अपने फैसले को गलत बताया। कोहली ने कहा कि धीमी पिच होने के कारण टीम मैनेजमेंट को गेंदबाजी में छह विकल्प पर्याप्त लगे थे। भारत चार मुख्य गेंदबाजों के साथ उतरा था, लेकिन उसे पांचवें गेंदबाज की कमी खली क्योंकि शिवम दुबे और जाधव कुछ खास असर नहीं डाल पाए। दोनों खिलाड़ी काफी महंगे साबित हुए।
कोहली ने की हेटमायर और होप की सराहना
कोहली ने मैच के बाद कहा, ‘हमें लगा कि गेंदबाजी में छह विकल्प पर्याप्त होंगे वो भी तब जब पिच धीमा खेल रही थी और केदार जाधव एक विकल्प था, लेकिन दूधिया रोशनी में पिच का मिजाज कुछ और ही दिखा। मुझे लगता है कि उन्होंने (वेस्टइंडीज) बहुत अच्छी बल्लेबाजी की, तेज गेंदबाज गेंद पर अच्छी पकड़ नहीं बना पा रहे थे। शिमरॉन हेटमायर ने बेहतरीन पारी खेली और शे होप ने भी।’
पंत और अय्यर ने संभाल ली पारी- कोहली
भारतीय कप्तान ने श्रेयस अय्यर (70) और ऋषभ पंत (71) की पारियों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘मैं और रोहित (शर्मा) आज नहीं चल पाए और ऐसे में उन दोनों के पास मौका और उन्होंने धीमी पिच पर बहुत अच्छी बल्लेबाजी की।’ रवींद्र जडेजा के आउट होने के बारे में कोहली ने कहा, ‘क्षेत्ररक्षक ने अपील की? अंपायर ने कहा नॉट आउट मैदान के बाहर बैठे लोग यह तय नहीं कर सकते की वहां क्या हुआ। मैंने पहले कभी ऐसा नहीं देखा।’





No comments:
Post a Comment