पाली. राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) के निर्देश पर जिले की तीन पंचायतें स्वच्छ भारत मिशन के तहत कचरा मुक्त होंगी। यानी तीनों पंचायतों को स्वच्छता के रूप में मॉडल बनाया जाएगा। अगले कुछ ही दिनों में इन पंचायतों में सफाई अभियान का शुभारंभ किया जाएगा।
अभियान के तहत जिले की रानी पंचायत समिति की खौड़ ग्राम पंचायत, पाली पंचायत समिति की लाम्बिया ग्राम पंचायत व रायपुर पंचायत समिति की कुशालपुरा ग्राम पंचायतों को चुना गया है। तीनों पंचायतों में सघन स्तर पर सफाई अभियान चलाने के साथ-साथ ग्रामीणों को स्वच्छता के लिए जागरूक किया जाएगा। स्कूल, आंगनवाड़ी, पंचायत इत्यादि में ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कचरा एकत्रित करने के लिए अलग-अलग तरह के कचरा पात्र लगाए जाएंगे। कचरे का निस्तारण भी ठोस कचरा प्रबंधन के नियमों के तहत होगा। पंचायत पर नियमित सफाई के लिए सफाईकर्मी भी लगाए जाएंगे। पॉलिथिन का उपयोग नहीं करने के लिए भी ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।
चलेगा सुजल एवं स्वच्छ गांव अभियान
पंचायती राज विभाग अब गांवों में सुजल एवं स्वच्छ गांव अभियान भी शुरू करने जा रहा है। इसके तहत गांवों में पेयजल की स्वच्छता को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा। हर एक व्यक्ति को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने पर काम किया जाएगा। अभियान चलाने को लेकर प्रत्येक ब्लॉक में सरपंचों, ग्रामसेवकों और स्वच्छताग्राही को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण में अभियान से जुड़ी जानकारी साझा की जाएगी।
अगले सप्ताह शुरू करेंगे अभियान
तीन पंचायतों को कचरा मुक्त करने के लिए चयनित किया है। इनमें अगले सप्ताह ही सफाई अभियान शुरू किया जाएगा। इसकी तैयारियां कर ली गई है। सुजन अभियान के लिए भी तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रियंका रानी, जिला समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन, पाली





No comments:
Post a Comment