चूरू। झुंझुनूं जिले के एक स्कूल में बच्चों से कुकर्म के बाद अब चूरू तहसील क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में बच्चियों से अश्लील हरकतें ( Obscenity With Girls ) करने का मामला सामने आया है। यहां कार्यरत शिक्षक रतनगढ़ निवासी कुंतक सांखोलिया कुंड में डालने की धमकी देकर 14 बच्चियों के साथ लंबे समय से अश्लील हरकतें कर रहा था।
पीडि़त बच्चियों में से एक बच्ची ने हिम्मत कर शनिवार को अपनी मां को इस बारे में बताया। गुस्साए सैकड़ों लोग मंगलवार को स्कूल के सामने जमा हो गए और आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की। विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ भी मौके पर पहुंचे। बाद में शिक्षा विभाग ने शिक्षक को निलंबित और प्रधानाचार्य को एपीओ कर दिया। आरोपी शिक्षक 2015 से इस स्कूल में कार्यरत था। बच्चियों ने बताया कि वह कमरा बंद कर गलत हरकतें करता था।
चार साल की बच्ची से बलात्कार, 11 दिन में अभियुक्त को उम्रकैद
वहीं एक दूसरे मामले में चूरू में चार साल की बच्ची से बलात्कार के एक मामले में पॉक्सो कोर्ट ने केवल 11 दिन में सुनवाई पूरी कर बुकनसर बड़ा निवासी अभियुक्त दयाराम मेघवाल को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। जिले का यह पहला मामला प्रदेश के उन चुनिंदा प्रकरण में शामिल हुआ है, जिसमें कोर्ट ने प्रतिदिन सुनवाई कर शीघ्र फैसला सुनाया है। इसमें सरकार की ओर से विशेष लोक अभियोजक वरुण सैनी ने पैरवी की। पॉक्सो कोर्ट के न्यायाधीश राजेन्द्रकुमार सैनी ने फैसले में टिप्पणी की कि अभियुक्त पर मात्र चार साल की बच्ची को लैंगिग अपराध का शिकार बनाने का गंभीर आरोप है।
नाबालिग और विशेष रूप से अबोध बच्चियों के साथ यौन अपराध दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए अभियुक्त किसी भी नरमी का अधिकारी प्रतीत नहीं होता। अभियुक्त दयाराम का पिता श्योदान मेघवाल भी वर्ष 2014 में बलात्कार के मामले में सजा काट चुका है। गौरतलब है कि घटना के बाद पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम स्वयं बुकनसर बड़ा गांव पहुंची थीं। बाद में पुलिस ने मात्र 7 दिन में न्यायालय में चालान पेश कर दिया।
खिलौने दिखाकर किया था बलात्कार
पिछली 30 नवंबर की शाम को घर के बाहर खेल रही 4 साल की बच्ची को 21 वर्षीय आरोपी दयाराम खिलौना दिखाकर स्कूल के पीछे ले गया। वहां उसके साथ रेप किया।





No comments:
Post a Comment