Breaking News
recent

Delhi Assembly Election: बीजेपी के अच्‍छे सुझावों पर भी अमल करेगी केजरीवाल सरकार

नई दिल्ली। दिल्ली में राजनीतिक दलों के बीच चुनावी आरोप—प्रत्यारोप का सिलसिला जोर पकड़ता जा रहा है। शनिवार को चुनावी मुहिम को धार देते हुए भारतीय जनता ( BJP ) ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी ने केजरीवाल सरकार ( Kejriwal Government ) के रिपोर्ट कार्ड के जवाब में झूठ और विश्वासघात नाम से आरोप पत्र पेश किया। पार्टी की ओर जारी आरोप पत्र में बीजेपी ने केजरीवाल सरकार को झूठ और विश्वासघाती सरकार करार दिया है।

भारतीय जनता पार्टी ने चार्जशीट में दिल्लीवासियों को बताया है कि किस तरह से आम आदमी पार्टी सरकार ने उन्हें धोखा दिया है? दिल्ली प्रदेश मीडिया सह प्रभारी नीलकांत बख्शी के मुताबिक चार्जशीट में आम आदमी पार्टी सरकार के पांच वर्ष की असफलताओं को उजागर किया गया है।

केजरीवाल का जवाब— अच्छे सुझाव को अगले 5 साल में लागू करेंगे

दिल्ली के सीएम मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ( Arvind Kejriwal ) ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा उनकी सरकार के खिलाफ जारी आरोप पत्र ( ChargeSheet ) का अध्ययन करेगी। उसमें दिए गए अच्छे सुझावों को अगले पांच सालों में लागू करेगी।

सीएम केजरीवाल ने कबीर दास के दोहे निंदक नियरे राखिये का हवाला देते हुए कहा कि व्यक्ति को अपने आलोचक को अपने करीब रखना चाहिए। हम चाहते हैं कि हर आदमी हमारे काम की समीक्षा करे और कमियां बताएं, सुझाव दे ताकि हम और अच्छा काम कर सकें।

दूसरी तरफ बीजेपी के साथ ही केजरीवाल सरकार के खिलाफ दिल्ली के युवाओं के बीच पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए भाजपा युवा मोर्चा ( BJPYM ) ने मैं हूं दिल्ली अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत युवा संवाद, नुक्कड़ सभा, साइकिल रैली सहित कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान का पहला कार्यक्रम शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर के नेतृत्व में शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार ने युवाओं के लिए कोई काम नहीं किया है। चुनाव नजदीक देखकर अब झूठी घोषणाएं कर रहे हैं।

गौतम गंभीर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए खेलो इंडिया, स्वस्थ रहने के लिए फिट इंडिया अभियान चलाया है। पीएम ने 1731 अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करके 40 लाख से अधिक लोगों को उनके घर का मालिकाना हक दिया है। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त किया है। राम मंदिर पर ऐतिहासिक निर्णय आया है। इन बातों को बीजेपी घर-घर तक पहुंचाने का काम करेगी।

दिल्ली प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने युवा कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर काम करने का आह्वान किया। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव ने इस अभियान के बारे में बताया कि प्रत्येक विधानसभा के एक सौ प्रभावशाली युवाओं से मुलाकात करके उन्हें भाजपा की नीतियों की जानकारी देंगे। युवा कार्यकर्ता नुक्कड़ सभा के माध्यम से केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं व आप सरकार की विफलताओं के बारे में लोगों को बताएंगे। साइकिल रैली, कैंटीन मार्च सहित कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.