Breaking News
recent

PALI: एटीएम नहीं सुरक्षित, बैंक नहीं लगा रही गार्ड

पाली. एटीएम की सुरक्षा एवं एटीएम कार्ड धारकों की गोपनीयता को लेकर किसी बैंक प्रबन्धन की ओर से अब तक कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। शहर में सरकारी बैंकों ने एटीएम की सुरक्षा के लिए एक भी सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति नहीं की है। सुरक्षा गार्ड के अभाव में अक्सर एक से भी अधिक व्यक्ति एक साथ नकदी आहरित करने के लिए एटीएम कक्ष में प्रवेश करते है। ऐसी स्थिति में ग्राहक सुरक्षा दांव पर लगी रहती है। इधर, पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद बैंक प्रबंधन एटीएम की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। एटीएम पर गार्ड नहीं होने व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने से बदमाश आसानी से एटीएम को निशाना बना सकते हैं। प्रदेश में बढ़ रही एटीएम तोडऩे की घटनाओं के बावजूद पाली में लापरवाही बरती जा रही है। इसको लेकर पुलिस चिंतित है।

न गार्ड, सीसीटीवी भी बंद

-एटीएम में हाइडेफिनेशन सीसीटीवी एवं नाइट विजन कैमरे लगने चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है
- एटीएम के बाहर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने जरूरी, लेकिन जो कैमरे लगे है, वे भी बंद

- एटीएम में कुशल सुरक्षा गार्ड तैनात होने चाहिए, लेकिन गार्ड नहीं
- शहर के अधिकांश एटीएम पर गार्ड की व्यवस्था नहीं, रात में खतरा

यह है निर्देश
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की ओर से माप-दण्ड तय है। इसके अनुसार हर प्रबंधन बैंक एवं एटीएम में सुरक्षा व साफ-सफाई आदि में लगे प्राइवेट कर्मचारियों का भी पुलिस वेरिफिकेशन कराए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।

रास में हो चुकी है वारदात
दो साल पूर्व रास कस्बे में एटीएम तोडऩे की घटना हो चुकी है। इस वारदात का आज तक सुराग नहीं लगा। वहीं पाली के नया बस स्टैण्ड पर एटीएम से छेड़छाड़ की घटना हुई। वर्तमान में प्रदेश में लगातार एटीएम तोडऩे की घटनाएं हो रही है, बावजूद इसके एटीएम पर सुरक्षा गार्ड नहीं लगाए जा रहे हैं।

बैंकों को इसलिए नहीं परवाह
बैंक प्रबंधन की माने तो सभी एटीएम का इंश्योरेंस हो रखा होता है। किसी भी तरह की वारदात या अपराध होने पर नुकसान की भरपाई बीमा कम्पनी करती है। ऐसे में बैंकों के प्रबंधन एटीएम पर गार्ड लगाना अनावश्यक खर्च समझते हैं। इस बारे में अब पुलिस बैंक प्रबंधनों से समझाइश करेगी।

यह लापरवाही, बैंकों से वार्ता करेंगे
एटीएम पर सुरक्षा गार्ड नहीं लगाना लापरवाही है। इस बारे में सभी बैंक प्रबंधनों को बुलाकर बात की जाएगी। जिस तरह से ऐसी घटनाएं हो रही है, इसे देखते हुए कम से कम सूने इलाकों वाले एटीएम पर गार्ड होने चाहिए।

- आनंद शर्मा, एसपी, पाली।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.