Breaking News
recent

अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत का जीत के साथ आगाज, श्रीलंका को 90 रनों से हराया

ब्लूमफ़ोन्टीन। आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने जीत के साथ अपने सफर का आगाज किया है। रविवार को भारत ने अपने पहले मुकाबले में श्रीलंका टीम को 90 रनों से हरा दिया। भारत की जीत में कप्तान प्रियम गर्ग की कप्तानी पारी और यशस्वी जयसवाल के अर्द्धशतक की अहम भूमिका रही।

इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 4 विकेट पर 297 रन बनाए। श्रीलंका को जीत के लिए 298 रन बनाने थे, लेकिन ये टीम 45.2 ओवर में 207 रन पर सिमट गई और भारत को जीत मिली।

भारत की पारी, यशस्वी, प्रियम व ध्रुव के अर्धशतक

पहली पारी में भारत के ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (59), कप्तान प्रियम गर्ग (56) और विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल (नाबाद 52) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत पिछली चैंपियन भारत ने आइसीसी अंडर-19 विश्व कप के अपने शुरुआती मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 297 रन बनाए।पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारतीय टीम के शीर्ष क्रम ने अच्छा योगदान दिया। प्रियम ने 72 गेंद में दो चौके की मदद से 56 रन बनाए, जबकि यशस्वी ने 74 गेंद की पारी में आठ चौके लगाए।

जुरेल थोड़े आक्रामक रहे, जिन्होंने 48 गेंदों की नाबाद पारी में तीन चौके और एक सिक्सर लगाया। सिद्धेश वीर ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम के स्कोर को 297 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 27 गेंद में छह चौके और एक छक्के की मदद से 44 रन की नाबाद पारी खेली।श्रीलंका अंडर-19 टीम की ओर से अशियान डेनियल, कविंदू नधीशन, दिलशान मधुशंका और अम्शी डिसिल्वा ने एक-एक विकेट लिया।

श्रीलंका की पारी, भारतीय गेंदबाज रहे हावी

श्रीलंका की पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम का पहला विकेट 19 रन पर ही गिर गया। ओपनर नावोद को शुशांत मिश्रा ने छह रन पर आउट कर दिया। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए कामिल और रविंदु के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई लेकिन इस साझेदारी को यशस्वी जयसवाल ने रविंदु को 49 रन पर आउट करके तोड़ दिया। इसके बाद निपुण धनंजय ने अर्धशतक लगाया पर वो टीम की जीत के लिए नाकाफी रहा। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया और श्रीलंका की टीम को पहले मैच में ही हार मिली। भारत की तरफ से आकाश, सिद्धेश और रवि ने दो-दो जबकि कार्तिक, सुशांत व यशस्वी ने एक-एक विकेट लिए।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.