दौसा. नांगल राजावतान. दौसा-कौथून राष्ट्रीय राजमार्ग 11 ए पर नांगल राजावतान के समीप टीटोली व टोंक के रलावता गांव में बने दोनों टोल प्लाजा को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण फरवरी के प्रथम सप्ताह में शुरू करने की तैयारी कर रही है। टोल से गुजरने के लिए स्थानीय वाहनों को प्रतिमाह 265 रुपए का मासिक पास बनाया जाएगा। साथ ही टोल के एक ओर से दूसरी ओर आवागमन करने वाले वाहन चालकों को भी टोल चुकाना होगा, भले ही वे स्थानीय ही क्यों नहीं हो।
एनएचआई ने टोल वसूलने के लिए एक निजी कम्पनी को टेण्डर दे दिया है। टोल प्लाजा क्षेत्र के 20 किलोमीटर दूरी के निजी वाहनों कार, जीप व वेन का कम्पनी द्वारा 265 रुपए का मासिक पास बनाया जाएगा। इससे निजी वाहन चालकों को राहत मिलेगी। यह मासिक पास टोल शुरू होने के बाद टोल वसूलने वाली निजी कम्पनी द्वारा बनाए जाएंगे।
कार से 65 व बस का 235 रुपए टोल
टोल पर फीस वसूलने की प्रति वाहन राशि निर्धारित की गई है। एनएचआई द्वारा निर्धारित राशि के तहत कार, जीप व वेन का 65 रुपए प्रति चक्कर, एलसीवी, एलजीवी, मिनी बस का 105 रुपए, ट्रक, बस दो एक्सल का 215 रुपए, तीन एक्सल व्यावसायिक वाहन का 235 रुपए, एचसीएम, इएमइ, एमएवी (4 से 6 एक्सल) का 340 रुपए व ओवर साइज 7 या 7 एक्सल से अधिक के वाहन का 410 रुपए टोल वसूला जाएगा।
व्यावसायिक वाहनों को मिलेगी राहत
दौसा जिले के व्यावसायिक वाहनों को ( नेशनल स्तर का परमिट नहीं होने) टोल पर 50 प्रतिशत रियायत दी जाएगी। इसके तहत व्यावसायिक वाहन कार, जीप, वेन का 30 रुपए प्रति चक्कर टोल लगेगा। इसी प्रकार एलसीवी, एलजीवी, मिनी बस का 50 रुपए, ट्रक, बस टू एक्सल का 110 रुपए, थ्री एक्सल व्यावसायिक वाहन का 120 रुपए, एचसीएम, इएमइ, एमएवी 4 से 6 एक्सल का 170 रुपए व ओवर साइज 7 या 7 से अधिक एक्सल वाहन का 205 रुपए टोल वसूला जाएगा।
24 घंटे में वापसी तो डेढ़ गुना टोल: टोल पर वाहन के 24 घंटे में वापस लौटने पर दो की बजाय डेढ़ गुना टोल ही लिया जाएगा। एनएचआई ने आने व जाने का एक साथ टोल देने पर कार, जीप, वेन का 95 रुपए, एलसीवी, एलजीवी, मिनी बस का 155 रुपए, ट्रक, बस टू एक्सल का 325 रुपए, थ्री एक्सल व्यावसायिक वाहन का 355 रुपए, एचसीएम, इएमइ, एमएवी 4 से 6 एक्सल का 505 व ओवर साइज 7 या 7 से अधिक एक्सल वाहन का 615 रुपए टोल निर्धारित किया है।
इन पर पड़ेगी दोहरी मार
एनएचआई ने नांगलराजावतान कस्बे से डेढ़ किलोमीटर पहले टीटोली गांव की सीमा में टोल बनाया है। नांगलराजावतान कस्बा व्यावसायिक दृष्टि से बड़ा कस्बा है। यहां टीटोली से जोशी की कोठी के बीच करीब एक दर्जन गांव ऐसे हैं जिनके लोग छोटे से छोटे काम के लिए भी नांगलराजावतान कस्बे के बाजार में जाते हैं। यहीं पर थाना, तहसील, एसडीएम कार्यालय, अस्ताल व बाजार भी है। ऐसे में यहां के लोगों को भी टोल चुकाना होगा। अब इन गांवों के ग्रामीणों पर दोहरी मार पड़ेगी।
हाइवे पर दौसा के टीटोली व टोंक के रलावता गांव में टोल प्लाजा बनकर तैयार हो गया है। दोनों स्थानों पर फरवरी के प्रथम सप्ताह में टोल शुरू कर दिया जाएगा। इससे स्थानीय वाहन चालकों को लाभ दिया जाएगा।
वाईबी सिंह, परियोजना निदेशक एनएचआई कार्यालय दौसा





No comments:
Post a Comment