Breaking News
recent

पोस मशीनों में खराबी, पांच दिनों से नहीं मिल रहा राशन

वितरण व्यवस्था गड़बड़ाने से भटक रहे उपभोक्ता, आए दिन हो रही खराबी पर रसद विभाग मूकदर्शक


आहोर. रसद एवं खाद्य विभाग की ओर से कस्बे समेत क्षेत्र के राशन विक्रेताओं को कम्प्यूटराइज्ड व ऑनलाइन पोस मशीनों से उपभोक्ताओं को राशन सामग्री का वितरण करने के आवश्यक निर्देश दिए हुए हैं, लेकिन यहां पोस मशीन ही खराब है। तकनीकी गड़बडिय़ों के कारण पोस मशीनों से कई उपभोक्ताओं को राशन सामग्री नसीब नहीं हो पा रही है।
आलम यह कि सरकारी आदेशानुसार उपभोक्ताओं को राशन की दुकानों पर राशन सामग्री वितरण करने को लेकर उपभोक्ता पखवाड़ा शुरू हुए पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक कस्बे समेत कई गांवों में राशन वितरण नहीं हो पाया है। कई राशन की दुकानों पर पोस मशीन तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़ी है। उपभोक्ता परेशान है तथा बार-बार राशन की दुकानों के चक्कर काटने को मजबूर हंै। पूर्व में राशन विक्रेता राशन की दुकानों पर वितरण रजिस्टर से सामग्री का वितरण करते थे, लेकिन अभी ऐसा नहीं हो पा रहा है। उपभोक्ता पखवाड़ा शुरू होने के बावजूद पिछले पांच दिनों से राशन सामग्री नहीं मिल रही है।


अक्सर नहीं मिलता नेटवर्क
गौरतलब है कि पोस मशीनों में सभी उपभोक्ताओं की ऑनलाइन फीडिंग हो रखी है। पोस मशीन मोबाइल सीम नेटवर्क से संचालित होती है, लेकिन कई बार पर्याप्त नेटवर्क नहीं मिलने तथा तकनीकी गड़बड़ी के कारण पोस मशीने सुचारू नहीं हो पाती है। गांवों में नेटवर्क की भी समस्या अत्यधिक है। जिसकी वजह से पोस मशीन अनुपयोगी साबित हो रही है। नेटवर्क नहीं मिलने से पोस मशीनों में उपभोक्ताओं का विवरण प्रदर्शित नहीं हो पाता है। इस प्रकार की समस्या आए दिन उत्पन्न होती रहती है।


कई बार तो अंगुठा ही नहीं लगता
इसके अलावा कई उपभोक्ताओं के अंगुठे का निशान मशीन से मिलान नहीं होने पर उन्हें खाद्य सामग्री नसीब नहीं हो पा रही है। इस प्रकार तकनीकी गड़बडिय़ों के कारण कई उपभोक्ताओं को खाद्य सामग्री से वंचित रहना पड़ रहा है। पिछले पांच दिनों से पोस मशीनों में तकनीकी खराबी की वजह से राशन सामग्री प्राप्त करने का प्रोसेज आगे नहीं बढ़ रहा है। जिसकी वजह से उपभोक्ताओं को राशन सामग्री नसीब नहीं हो पा रही है।


विक्रेता के सामने भंडारण का भी संकट
एक तरफ पोस मशीनोंं में गड़बड़ी की वजह से वितरण नहीं हो पा रहा राशन। वहीं दूसरी तरफ विभाग की ओर से राशन की दुकानों पर एक माह का एडवांस गेहूं दिया जा रहा है। वहीं पोस मशीनों में तकनीकी गड़बड़ी से कस्बे समेत क्षेत्र में कई राशन की दुकानों पर पिछले पांच दिनों से उपभोक्ताओं को राशन का वितरण नहीं हो पा रहा है। ऐसे में राशन की दुकानों पर गेहूं के भंडारण का संकट खड़ा हो रहा है।


दुरुस्त करवाएंगे...
कस्बे समेत क्षेत्र में राशन की दुकान पर जहां पोस मशीन तकनीकी व अन्य गड़बड़ी से बंद है। उन्हें दिखवाकर दुरुस्त करवा दिया जाएगा।
- एलआर.मीणा, जिला रसद अधिकारी, जालोर



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.