जयपुर
प्रदेश में पंच— सरपंच के चुनाव के लिए अब दो दिन ही बाकी रह गए है। चुनाव प्रचार चरम पर पहुंच गया है। उम्मीदवारों ने अपनी दौड़धूप तेज कर दी है और एक दूसरे की पतंग काटने के लिए तेज मांझे की डोर का इस्तेमाल कर रहे है ओर इसके लिए सारे दांवपेंचों का इस्तेमाल करने से नहीं चूक रहे है। पहले चरण का मतदान 17 जनवरी को सवेरे आठ से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जा चुका है।
17 हजार से ज्यादा सरपंच उम्मीदवार— प्रदेश में पहले चरण में होने वाले चुनाव के लिए 17 हजार 242 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे है वहीं पंच के लिए 42 हजार 704 उम्मीदवार चुनावी जंग में डटे है और मतदाताओं से संपर्क कर रहे है। इससे पहले प्रदेश भर में 36 सरपंच और 11035 पंच निर्विरोध चुन जा चुके है।
कल शाम को थमेगा चुनाव प्रचार— उम्मीदवारों के प्रचार का शोर शराबा 15 जनवरी की शाम 5 बजे तक ही होगा। 16 जनवरी को घर घर दस्तक दी जाएगी। मतदान दल भी 16 जनवरी को रवाना होकर इसी दिन अपनी अपनी पंचायतों में पहुंच जाएगा। मतदान और मतगणना 17 जनवरी को ही होगी। अगले दिन 18 जनवरी को उप सरपंच का चुनाव कराया जाएगा।
दो जिलों को छोड़कर सभी जगह मतदान—
गौरतलब है कि प्रदेश में झुंझुनूं और जैसलमेर को छोड़कर सभी जिलों में प्रथम चरण के लिए मतदान होगा। इन सभी ग्राम पंचायतों पर 17 जनवरी को प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने भी अपील की है कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में निर्भीक होकर मतदान करें।
22 और 29 को अगले चरण — पंच और सरपंच के लिए के पदों के लिए 22 जनवरी को दूसरा चरण और 29 जनवरी को तीसरा चरण होगा। 1 फरवरी को होने वाला चौथा चरण अभी स्थगित कर दिया गया है और इसके लिए अलग से अधिसूचना जारी की जाएगी।





No comments:
Post a Comment