Breaking News
recent

समझाइश के बाद माने परिजन, करवाया पोस्टमार्टम

मांगों को लेकर दूसरे दिन भी जारी रहा प्रदर्शन, सड़क हादसे में युवक की मौत का मामला


आहोर. थाना क्षेत्र के चांदराई-कवराड़ा मार्ग पर शुक्रवार रात को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत के मामले में समझाइश के बाद परिजन मान गए तथा पोस्टमार्टम करवाया। उधर, परिजन लगातार दूसरे दिन भी आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार करने एवं मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
परिजनों समेत मीणा समाज के लोगों ने लगातार दूसरे दिन रविवार को भी प्रदर्शन जारी रखा। समझाइश के बाद शाम को पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द किया। इधर, पुलिस दूसरे दिन भी आरोपित वाहन का पता नहीं लगा पाई। ज्ञातव्य है कि शुक्रवार रात को चांदराई-कवराड़ा मार्ग पर घटित सड़क हादसे में बाइक सवार पावटा निवासी चम्पालाल पुत्र भुबाराम मीणा गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे उपचार के लिए आहोर के राजकीय अस्पताल लाया गया था, लेकिन गंभीर हालत के चलते उसे उच्च उपचार के लिए सुमेरपुर रेफर किया गया। सुमेरपुर से उपचार के लिए अन्यत्र ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद शव को आहोर के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, लेकिन शनिवार सुबह मृतक के परिजन व समाज के लोगों ने पोस्टमार्टम करवाने से मना करते हुए आरोपित वाहन चालक को गिरफ्तार तथा वाहन को जब्त करने वहीं एक जुरिस्ट की उपस्थिति में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाने की मांग करते रहे। मृतक के परिजन व मीणा समाज के लोग दूसरे दिन रविवार को भी प्रदर्शन करते रहे। उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचकर एक जुरिस्ट की उपस्थिति में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाने की मांग की। प्रशासन व पुलिस की ओर से समझाइश के बाद मान गए। राजकीय अस्पताल में पांच चिकित्सकों के मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द किया गया। परिजनों की ओर से शव के अंतिम संस्कार तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई जाएगी।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.