पाली। पंचायतराज कार्मिकों का एक बड़ा कारनामा सामने आया है। इसमें तत्कालीन सरपंच और वार्ड पंच की मिलीभगत भी उजागर हुई है। महात्मा गांधी नरेगा योजना में बिना नाली बनाए ही कार्मिकों ने पौने ग्यारह लाख रुपए का बिल बनाकर भुगतान उठाने के लिए पेश कर दिया। मामले के खुलासा होने पर भाकरीवाला ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी शैतानसिंह को निलम्बित किया गया है।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रहलाद सहाय नागा ने बताया कि तकनीकी सहायक विक्रम गहलोत, ग्राम विकास अधिकारी शैतानसिंह, पूर्व सरपंच कानाराम मेघवाल, वार्डपंच प्रतापराम एवं सहायक अभियंता भैरूसिंह राजपुरोहित ने रोहट पंचायत समिति की भाकरीवाला ग्राम पंचायत में टीकाराम कुम्हार के घर से महादेव मंदिर टंकी तक नाली मय सीसी ब्लॉक निर्माण कार्य कराने के लिए 10 लाख 78 हजार 480 रुपए का बिल बिनाकर विकास अधिकारी के समक्ष भुगतान के लिए प्रस्तुत किया। विकास अधिकारी ने मामला पकड़ लिया। इस पर ग्राम विकास अधिकारी को निलम्बित किया गया है। कनिष्ठ तकनीकी सहायक का मुख्यालय जिला परिषद किया गया है।
सहायक अभियंता को हटाया, जांच दल गठित
रोहट में अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे सहायक अभियंता भैरूसिंह राजपुरोहित को रोहट से हटा दिया गया है। मामले की पूरी जांच के लिए सीइओ ने दल गठित किया है।





No comments:
Post a Comment