बुरहानपुर. नगर में एक बार फिर मोटर साइकिल चोरी की घटना हुई है। कॉलोनी से दो पड़ोसियों की एक-एक मोटर साइकिल चोरी हो गई। बाइक मालिकों ने आसपास मोटर साइकिल की खोज की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने नेपा थाने में सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है।
जानकारी के अनुसार नगर के जामा मस्जिद के मौलाना ताहिर नूरी निवासी मस्जिद एरिया और पांधार एरिया निवासी नरेंद्र शिवलाल चौधरी की मोटरसाइकिल उनके घर के सामने से चोरी हुई। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। दोनों वाहन मालिकों ने घर के बाहर रोजानुसार गाड़ी खड़ी की। लेकिन सोमवार सुबह देखने पर नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत की।
मस्जिद एरिया में खड़ी की थी मोटर साइकिल
मौलाना ताहिर नूरी ने कहा कि मस्जिद परिसर में गाड़ी खड़ी की थी। रात 4.30 बजे देखा तो गाड़ी खड़ी थी, लेकिन इसके बाद सुबह 6 बजे वाहन निकला तो गाड़ी गायब हो गई थी। तत्काल पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। सभी ने साथ में आसापास के एरिया में खोज दी। मौलाना ने कहा कि गाड़ी में पेट्रोल कम था। दो किमी से अधिक नहीं जा सकती। बदमाशों को पंप से पेट्रोल डालना पड़ा होगा।
चौराहे पर लगाते हैं चाट दुकान
पांधार एरिया निवासी नरेंद्रशिवलाल चौधरी ने बताया कि वे अंाबेडकर चौराहे पर पानी पूरी की दुकान लगाते है। रोज उन्हें घर आने में देर रात हो जाती है। रविवार को हाट बाजार होने से ग्राहकी अधिक रहती है। इससे वे और देरी से घर पहुंचे। इसके बाद गाड़ी बाहर खड़ी कर सो गए। सुबह उठकर देखा तो गाड़ी गायब थी, उन्होंने कहा कि गली अधिक सकरी है। ऐसे में थोड़ी भी आवाज आती तो हमें पता चल जाता, लेकिन आरोपी मोटर साइकिल बिना चालू किए ले गए, उन्होंने मोटर साइकिल को पटरी पार ले जाकर चालू किया।
पुरानी चोरियों का अब तक नहीं हुआ खुलासा
बता दें कि चोरी की घटना होना अब नगर में आम हो चुका है। नगर में गत वर्ष 28 अप्रैल की रात घटना में भी आरोपियों ने तीन मोटरसाइकिल चोरी करने के प्रयास किए थे। एक ही एरिया के निवासी कुलदीप श्रीवास्तव, अक्षय पाटिल और शरद चौधरी की मोटरसाइकिल चोरी की थी। शरद पाटिल की मोटर साइकिल आधे में छोड़कर आरोपी भाग निकले। दो गाड़ी चोरी के कुछ दिन बाद कुलदीप श्रीवास्तव की गाड़ी लावारिस पड़ोसी जिले में मिली थी। मामले में शेष गाड़ी और आरोपियों की खोज में पुलिस असफल साबित हो रही है।
मामले में शिकायत मिली है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द उन्हें पकड़ा जाएगा।
- पीके मुवेल, थाना प्रभारी नेपानगर





No comments:
Post a Comment