बांदीकुई . इन दिनों ढिगावड़ा-बांदीकुई रेल मार्ग पर दोहरीकरण का कार्य होने से कुछ ट्रेनें रद्द तो कुछ का रूट डायवर्ट किया हुआ है। इसके चलते ट्रेनों में खासी भीड़भाड़ दिखाई देने लगी है। हालात ये हैं कि यात्रियों को जगह नहीं मिलने पर दरवाजे पर खड़े होकर यात्रा करने को मजबूर होना पड़ रहा है। कई यात्री तो ट्रेन में तक नहीं चढ़ पा रहे हेँ।
जानकारी के अनुसार शालिमा नगर दिल्ली निवासी प्रवेश शर्मा, आयुष गुप्ता, गरिमा गुप्ता, कमला देवी, सुदाख गुप्ता, विवेक कुमार, अशोक गुप्ता एवं नीरू मेंहदीपुर बालाजी दो बच्चों का मुण्डन कराने आए थे। जहां से मुण्डन कराकर वापस दिल्ली जाने के लिए स्टेशन पर आए। उनके पास अजमेर-जम्मूतवी पूजा एक्सप्रेस के एस-1 कोच का रिजर्वेशन था।
जैसे ही ट्रेन आई तो भीड़ अधिक होने से ये यात्री ट्रेन में चढ़ नहीं पाए। इसके बाद यात्री वातानूकुलित कोच में सवार होकर अपने कोच तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन टीटीई ने एसी कोच में चढऩे पर जुर्माना देने की बात कही तो यात्री वापस ट्रेन से उतर गए और रेलवे सुरक्षा बल थाने पहुंच आपबीती सुनाई। इसके बाद अहमदाबाद-सुल्तानपुर एक्सप्रेस ट्रेन आई। हालांकि इस ट्रेन का यहां ठहराव नहीं हैं, लेकिन क्रॉसिंग में ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद दम्पती इस ट्रेन में सवार होकर गंतव्य के लिए रवाना हुए। (ग्रामीण)
निजी बसों के संचालन को लेकर झगड़ा
लालसोट . मंडावरी कस्बे के बस स्टैंड पर निजी बसों के संचालन को लेकर कुछ जनों के बीच हुए झगड़े में एक जना घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चार जनों को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है और घायल का मंडावरी सीचसी में उपचार कराया। थाना प्रभारी हरदयाल मीना ने बताया कि लालसोट- गंगापुर सिटी रूट पर चलने वाली निजी बसों के संचालन में समय विवाद को लेकर कुछ जनों के बीच झगड़ा हो गया।जिससे विजय कुमार निवासी पीलोदा घायल हो गया। पुलिस ने समझाइश का प्रयास भी किया, लेकिन उसके बाद भी झगड़ा शांत नहीं हुआ तो पुलिस ने रामराज मीना निवासी बाड़ा नादौती, बबलू शर्मा निवासी खेड़ली,लालसोट, राजाराम मीना व बाबूलाल मीना निवासी नगरियावास को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया।(नि.प्र)
बोर्ड परीक्षा केन्द्रों पर रहेगी तीसरी आंख की नजर
दौसा . जिले में मार्च में होने वाली 10 वीं व 12 वीं बोर्ड परीक्षा के लिए 167 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं और सभी परीक्षा केन्द्रों पर वीडियोग्राफी होगी। वहीं संवदनशीन व अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 12 मार्च से होने वाली 10 वीं बोर्ड परीक्षा में 38 हजार 292 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। 5 मार्च से शुरू होने वाली 12 वीं बोर्ड परीक्षा में 30 हजार 65 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। इन परीक्षाओं के लिए माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षा आयोजित कराने के लिए 167 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केन्द्रों पर बोर्ड वीडियोग्राफी कराएगा। जानकारी के अनुसार जिले में 13 परीक्षा केन्द्र संवेदनशील वहीं 8 परीक्षा केन्द्र अति संवेदनशील हैं। इन संवेदनशील व अति संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।





No comments:
Post a Comment