दौसा. बाजार में आमजन के उपयोग की कालाबाजारी तो सुनने में आती है, लेकिन दौसा शहर के बाजार में तो 10 रुपए के नए नोटों के बण्डल ही बेचे जा रहे हैं। बैंक शाखाओं में 10 व 20 रुपए के नए नोटों की गड्डियां नहीं मिलने से लोगों को परेशान देखा जा रहा है। खासकर शादी-समारोह वाले परेशान हैं। वहीं बैंक शाखाओं में 10 व 20 रुपए के नए नोटों की किल्लत बताकर उपभोक्ताओं को बैरंग लौटा दिया जाता हे।
वहीं जब पत्रिका की टीम नए कटले में नोटों की माला बनाने वाले व्यापारियों के पास गई तो वहां पर 10 रुपए के नए नोटों की एक गड्डी (1 हजार रुपए) के लिए 1250 रुपए मांगे गए। व्यापारी से कहा कि कुछ कम कर लो तो उसने कहा कि 1230 रुपए बिना नहीं देंगे। ऐसा एक ही नहीं बल्कि कई दुकानों पर हो रहा है। नए नोटों की माला बनाकर बेची जा रही है। इनके लिए नए नोटों की कमी नहीं है, जबकि आम उपभोक्ता परेशान है।
इस समय शादियों के सीजन तथा अन्य धार्मिक कार्यकमों की वजह से लोगों को विभिन्न कार्यों के लिए नए नोटों की गड्डियों की जरूरत पड़ रही है। कई लोग बैंक शाखा प्रबंधकों के पास सिफारिशें तक करवा रहे हंै, लेकिन फिर भी उनको दस व बीस रुपए के नोटों के बण्डल नहीं मिल रहे हैं। जिला मुख्यालय पर लालसोट रोड स्थित एसबीआई एवं डाक बंगले के सामने बैंक ऑफ बड़ौदा बैंक शाखाएं चेस्ट ब्रांच हैं। इन शाखाओं में नए नोटों के बण्डल सीधे ही आते हैं। यहां से दूसरे बैंकों को राशि वितरित की जाती है, लेकिन चेस्ट ब्रांचों में ही नए नोटों की गड्डियां नहीं मिल रही है। बैंकों में 10 व 20 रुपए के नए नोटों की गड्डियां नहीं मिलने से लोगों को पुराने नोटों की गड्डियां लेकर काम चलाना पड़ रहा है।
एटीएम बदलकर खाते से 20 हजार रुपए पार
बांदीकुई. बैंक एटीएम बदलकर एक ग्राहक के खाते से नकदी पार करने का रविवार को मामला दर्ज हुआ है।
पुलिस ने बताया कि रेहडिय़ा निवासी मोतीलाल मीणा ने मामला दर्ज कराया कि वह 15 फरवरी को शाम सवा 5 बजे सिकंदरा रोड स्थित एसबीआई के एटीएम पर रुपए निकलवाने के लिए गया था। जहां रुपए निकालने के लिए मशीन में एटीएम कार्ड लगाया, लेकिन रुपए नहीं निकले।
इसी बीच एक युवक आया और उसने एटीएम लेकर लगाया तो उसके खाते से 20 हजार रुपए निकलने का मैसेज आ गया, लेकिन मशीन से रुपए नहीं निकले। युवक ने कहा कि ऐसा कई बार हो जाता है। यह रुपया वापस आपके खाते में आ जाएगा। इसके बाद सुबह सवा 8 बजे उसके खाते से 20 हजार रुपए निकाले जाने का मैसेज आया तो शक हो गया और जैसे ही एटीएम को देखा तो वह एटीएम किसी राजसिंह नाम के व्यक्ति का होना पाया गया। ऐसे में युवक ने उसका एटीएम बदलकर राशि निकलवा ली।
पुलिस ने इस सम्बंध में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया और आरोपी युवक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि अब तक आधा दर्जन से अधिक साइबर ठगी व एटीएम से रुपए पार होने की घटना हो चुकी हैं और लोग लाखों रुपए की ठगी के शिकार हो चुके हैं, लेकिन अभी तक पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल नहीं हो सकी है।





No comments:
Post a Comment