Breaking News
recent

पेशी पर आया बंदी चालानी गार्ड का हाथ छुड़ा भागा, फिर दबोचा

अजमेर. सेशन कोर्ट में गुरुवार शाम सेशन कोर्ट में पेशी पर आए बंदी ने पुलिस बस में चढऩे के दौरान चालानी गार्ड का हाथ छुड़ा कर दौड़ लगा दी। हालांकि शाम को जयपुर रोड पर वाहनों की रेलमपेल में बंदी कोर्ट तिराहे पर दुपहिया वाहन की चपेट में आ गया। तभी उसके पीछे दौड़े चालानी गार्ड ने दबोच लिया।
सेंट्रल जेल से चालानी गार्ड बंदियों को कोर्ट पेशी पर लेकर आया। शाम साढ़े 5 बजे पुलिस की चालानी गार्ड बंदियों को कोर्ट परिसर स्थित बैरक से लेकर पुलिस वाहन में चढ़ाने लगे। सेशन कोर्ट के बाहर खड़े वाहन में चढऩे के दौरान चोरी के आरोपी अहमदाबाद (गुजरात) हाल दरगाह निवासी मोहम्मद आरिफ उर्फ ओसामा चालानी गार्ड रामअवतार को धक्का देकर भाग छूटा। उसने डिवाइडर को पार करते हुए केन्द्रीय बस स्टैंड की तरफ दौड़ लगाई लेकिन सेशन कोर्ट तिराहे पर सामने से आए बाइक सवार से टकरा गया। इधर पीछे दौड़ रहे चालानी गार्ड रामअवतार ने उसको राहगीर की मदद से दबोच लिया। गार्ड इंचार्ज की रिपोर्ट पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी मोहम्मद आरिफ के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया।

बाहर खड़ी होती है बस

सेशन कोर्ट में तारीख पेशी पर आने वाले विचाराधीन बंदियों के पुलिस वाहन को सेशन कोर्ट 4 नम्बर गेट पर खड़े किए जाते है। यहां जयपुर रोड पर वाहन खड़ा होने के बाद एक-एक बंदियों को उतारा जाता है। यहां से चालानी गार्ड बंदियों को हाथ पकड़कर कोर्ट परिसर स्थित बैरक तक ले जाते है। फिर संबंधित कोर्ट में पेश किया जाता है। पूर्व में भी अजमेर सेशन कोर्ट के बाहर विचाराधीन बंदी फरार होने और हमले की घटना पेश आ चुकी है।

26 विचाराधीन बंदी

अजमेर सेन्ट्रल जेल से चालानी गार्ड 26 बंदियों को तारीख पेशी पर लेकर सेशन कोर्ट पहुंचे थे जबकि बंदियों की संख्या के मुताबिक चालानी गार्ड की संख्या कम थी। ऐसे में कोर्ट परिसर स्थित बैरक से एक-एक बंदियों को चालानी गार्ड हाथ पकड़कर बस तक पहुंचाते है। ऐसे में सेशन कोर्ट के बाहर खड़े पुलिस वाहन से भी बंदियों के भागने व हमले का खतरा बना रहता है।

इनका कहना है...

चोरी के आरोपी मोहम्मद आरिफ चालानी गार्ड को धक्का देकर भागने की कोशिश की लेकिन चालानी गार्ड ने उसे दबोच लिया। गार्ड इंचार्ज की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया जाएगा।

-डॉ. रवीश कुमार सामरिया, थानाप्रभारी सिविल लाइंस



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.