दौसा. अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दौसा आंचल अग्रवाल ने चेक अनादरण के एक मामले में एक जने को एक वर्ष का साधारण कारवास व 5 लाख रुपए के अर्थदण्ड की सजा सुनाई है।
परिवादी के अधिवक्ता अभिनन्दन गुप्ता ने बताया कि परिवादी सत्यनारायण गुप्ता ने परिवाद दायर किया था कि आरोपी ने 3 लाख 65 हजार रुपए का माल क्रय किया था। उधार माल के लिए परिवादी के नाम से एक चेक 2 लाख 64 हजार 400 का हस्तान्तरित कर दिया। भुगतान के लिए चेक को बैंक में जमा कराया तो चेक अनादरित हो गया।
इस मामले में न्यायालय ने आरोपी कालूराम रावत ऊर्फ भरतलाल रावत चांदपुरवाले को एक वर्ष का साधारण कारावास व 5 लाख रुपए का अर्थदण्ड की सजा सुनाई है।
न्यायालय ने आदेश दिए कि अदम अदायगी अर्थदण्ड अभियुक्त दो माह का अतिरिक्त कारावास भुगतेगा। अर्थदण्ड की राशि न्यायालय में जमा होने पर परिवादी को बतौर क्षतिपूर्ति अदा की जाएगी।
औषधालय का औचक निरीक्षण
लालसोट. रामगढ़ पचवारा उपखण्ड अधिकारी सरिता मलहोत्रा ने मंगलवार को राजकीय आयुर्वेद औषधालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सा अधिकारी की गैर मौजूगी पर नाराजगी प्रकट करते हुए उन्हे कार्यालय में तलब किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाओं का स्टॉक भी जांचा।(नि.प्र)
पैराटीचर को सात माह से नहीं मिला वेतन
दौसा. राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत ने महुवा ब्लॉक में पैराटीचर को अगस्त 2019 से वेतन नहीं मिलने पर आक्रोश जताते हुए सरकार से शीघ्र वेतन भुगतान करने की मांग की है। संगठन के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष राम स्वरूप चतुर्वेदी ने बताया कि पैराटीचर ममता जैन को महवा किला से हटाकर रामगढ़ पीईईओ के अधिनस्थ प्राथमिक विद्यालय में लगाया गया था। इसके बाद से वेतन नहीं मिल रहा है।
विद्युत तारों के नीचे होने से हादसे की आशंका
गीजगढ़.
ग्राम पंचायत रामगढ़ में भोमिया मन्दिर की ओर जा रहे ग्रेवल सडक़ मार्ग पर विद्युत तार नीचे होने से हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत निगम की अनदेखी के चलते खम्भे से जा रहे तार ढीले होने से जमीन से मात्र चार-पांच फीट ऊपर ही हैं। इससे सडक़ मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को छू जाने पर बड़ी दुर्घटना का भय बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग से रोजाना बालकों व मन्दिर में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन गुजरते हैं। ग्रामीणों ने विद्युत तारों को ऊपर कराने की मांग की है।





No comments:
Post a Comment