Breaking News
recent

पानी के लिए दर्जनों महिलाओं ने किया विरोध-प्रदर्शन

दौसा. शहर में गर्मी के मौसम से पूर्व ही पेयजल संकट खड़ा होने लगा है। शहर की ईदगाह के पीछे, ईदगाह कॉलोनी, रहमानिया मस्जिद के पीछे, महादेव कॉलोनी, शिवाजी स्कूल वाली गली, माली मोहल्ला, दादूराम -सत्यराम कॉलोनी सहित करीब 10 कॉलोनियों में पानी नहीं आने आक्रोशित दर्जनों महिलाएं मंगलवार को जलदाय विभाग के शहर सहायक अभियंता कार्यालय पहुंची। महिलाओं ने जलदाय विभाग कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
सन्नी खान के नेतृत्व में आई महिलाओं ने बताया कि उनकी कॉलोनियों में करीब दस वर्ष से पानी नहीं आ रहा है। ना ही उनकी कॉलोनियों में टैंकरों से जलापूर्ति हो रही है।

इससे उनको पानी के लिए खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को टैंकरों में पानी खरीद कर पीना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारियों को भी कई बार अवगत करा दिया, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया है। महिलाओं ने बताया कि कई जगह पर जहां पाइप लाइनें हैं, वे पूरी तरह खराब हो चुकी है। इन पाइप लाइनों में कई बार गंदा पानी भी आ जाता है। पाइप लाइन जगह- जगह लीक हो रही है। पानी का रिसाव होता है। इससे लोगों में बीमारी फैलने की आशंका बनी रहती है। इस अवसर पर शाहनवाज मोहम्मद, प्रिया आडवाणी, वासुदेव, फरीदा, शारिका बेगम, नूरननिशा, मुन्नी, निहालसिंह आदि मौजूद थे।

कनिष्ठ अभियंता ने दिया आश्वासन
शहर के जलदाय विभाग कार्यालय पर दोपहर 12.10 बजे महिलाएं पहुंची तो यहां कोई भी अधिकारी नहीं मिला। महिलाएं सहायक अभियंता कार्यालय में घुस गई। बाद में कर्मचारियों की सूचना पर आए कनिष्ठ अभियंता ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि उनकी कॉलोनी में विभाग ने पाइप लाइन बिछा दी है। शीघ्र उसमें से कनेक्शन जारी कर दिए जाएंगे।


बसवा में सात दिन में एक बार जलापूर्ति
बसवा . कस्बे में जलदाय विभाग के संवेदक द्वारा 60 के बजाय 20 या 25 टैंकर ही पानी डाले जाने से लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इसको लेकर सरपंच प्रेमदेवी सैनी के नेतृत्व में लोगो ने स्थानीय विधायक जीआर खटाना को ज्ञापन देकर पानी की समस्या के समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया कि जलदाय विभाग ने दो दिन में एक बार जलापूर्ति करने का नियम बना रखा है। इसके लिए 60 टैंकर पानी डालना स्वीकृत कर रखा है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण संवेदक मनमर्जी के अनुसार रोजाना 20 से 25 टैंकर पानी डाल रहा है। इस कारण लोगों को 6 से 7 दिन में एक बार पानी मिल रहा हैं। कस्बे में लगे हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। इस कारण पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। इस बारे में जलदाय विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत करा दिया, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। ज्ञापन में पानी की समस्या के समाधान की मांग की है। इधर, व्यापार मंडल के अध्यक्ष फूलचन्द गुप्ता के नेतृत्व में भी लोगों ने पानी के लिए ज्ञापन दिया। मनोहर सोडिया के नेतृत्व में लोगों ने राजकिय उच्च माध्यमिक विद्यालय में व्याप्त पानी की समस्या का समाधान करने के लिए ज्ञापन दिया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.