महुवा. कस्बे के मुख्य बाजार स्थित गणेश चौक मंदिर के पास रविवार को एक नकाबपोश युवक दिनदहाड़े सर्राफा व्यापारी की दुकान से करीब तीन किलो सोने के जेवरात पार कर ले गया। चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिस उपाधीक्षक शंकरलाल मीणा व थाना प्रभारी करणसिंह राठौड़ ने मौके पर पहुंचकर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखें है। जानकारी के अनुसार दूसरी मंजिल पर मोहनलाल बंसल की होलसेल सर्राफा की दुकान है। जहां पर बड़े व्यापारियों से ही लेनदेन की जाती है। रविवार दोपहर करीब पौने 3 बजे बंसल के पास उसके भाई का फोन आया, जो की पास में ही दुकान करता है। उसने कहा कि बच्चे की शादी के लिए को कोई रिश्ते वाले आ रहे हैं। इस पर वह और उनका नौकर राकेश प्रजापत दुकान के नीचे की सीढिय़ों के नीचे मुख्य दरवाजे का ताला लगा कर वहां से चले गए। इसके बाद मुंह पर नकाब बांधे टोपी लगाकर आया एक युवक सीढिय़ों के नीचे का दरवाजे का ताला खोल कर दुकान के अंदर प्रवेश कर गया। बाद में दुकान के अन्दर दराज में रखे करीब 3 किलो सोने के जेवरात से भरे बैग को लेकर फरार हो गया।
चोर ने गल्ले में रखी करीब दस हजार रुपए की नकदी को हाथ तक नहीं लगाया। इसके कुछ देर बाद ही बंसल जब दुकान पर आया तो उसे नीचे सीढिय़ों का गेट का ताला खुला मिला। ऊपर जाकर देखा तो दराज में रखा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था और ज्वैलरी गायब मिली। सूचना पर थाना प्रभारी करणसिंह राठौड़ व पुलिस उपाधीक्षक शंकर लाल मीणा ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे। इस दौरान वंहा बडी संख्या में लोगो की भीड़ जमा हो गई।
3 मिनट में दिया चोरी की वारदात को अंजाम
चोर ने महज तीन ही मिनट के अन्दर करीब तीन किलो सोने के जेवर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के अनुसार चोर ने 3 बजकर 1 मिनट पर मुख्य गेट से प्रवेश किया और तीन मिनट में बैग में जेवरात भरकर 3 बज कर 4 मिनट पर दुकान से बाहर निकल गया।
वारदात के दौरान मोबाइल रहा चालू
चोरी की घटना को अंजाम देते समय चोर का मोबाइल लगातार चालू था। नीचे सीढिय़ों से प्रवेश से पहले ही उसका मोबाइल चालू था और चोरी की वारदात के दौरान भी उसका मोबाइल लगातार चालू रहा। वह पूरी ज्वैलरी बैग में भरकर निकल रहा था, तो जाते समय एक बार दुकान में ही उसका मोबाइल कान से छूट का नीचे भी गिर गया था। जिसे उसने पुन: वापस उठाकर अपने कान के लगा लिया और वहां से चलता बना। इससे यह साफ नजर आता है कि चोरी की घटना को अंजाम देने में उसके साथ और भी कई लोग थे। जो नीचे खड़े उसे बाहर की पूरी वस्तु स्थिति से अवगत करा रहे थे।
आखिर उसके पास चाबी कहां से आई
पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की तो प्रथम दृष्टया सामने आया कि चोर ने सीढिय़ों के नीचे लगे दरवाजे के ताले को तोड़ा नहीं बल्कि चाबी से खोला है। इससे साफ जाहिर होता है कि वारदात को अंजाम देने के लिए चोरों ने पहले से ही योजना बना रखी थी। चोर के पास पहले से ही सीढिय़ों के गेट की चाबी मौजूद थी। वहीं उसे यह भी पता था कि ऊपर दुकान के दरवाजे के ताले खुले रहते हैं। इस वह चोरी की घटना को आसानी से अंजाम देकर फरार हो गया।





No comments:
Post a Comment