Breaking News
recent

गर्वनर हों चाहे स्पीकर, निष्पक्षता से निभाएं जिम्मेदारी- पायलट

जयपुर. उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार पर आए सियासी संकट को लेकर कहा है कि गर्वनर हों चाहे स्पीकर, दोनों को नियम कायदों के अनुसार निष्पक्षता से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए। राजस्थान में राज्यसभा चुनाव में भाजपा की ओर से दो उम्मीदवार उतारने पर पायलट ने कहा कि इसका मतलब यही है कि भाजपा चुनाव कराना चाहती है।

उपमुख्यमंत्री ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के उपायों को लेकर ग्रामीण विकास पंचायती राज विभाग के अधिकारियों की बैठक लेने के बाद मीडिया से बातचीत में यह बात कही। मध्यप्रदेश के सवाल पर पायलट ने कहा कि उनका मानना है बुधवार को सुप्रीम कोर्ट का फैसला कांग्रेस सरकार के पक्ष में आएगा। मध्यप्रदेश में हम बहुमत में थे। मुख्यमंत्री कमलनाथ भी कई बार यह बात कह चुके हैं। अगर कोई इसे चुनौती देना चाहता है तो वह सदन में अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए, लेकिन शायद भाजपा इसके लिए तैयार नहीं।

भाजपा का उद्देश्य यही कि चुनाव हों

राजस्थान के राज्यसभा चुनाव में भाजपा की सेंधमारी की आशंकाओं पर पायलट ने कहा कि दो उम्मीदवार उतारने का मतलब यही है कि भाजपा चुनाव चाहती है। उसका यही उद्देश्य है। सब जानते हैं कि दो सदस्यों को भेजने के लिए हमारे पास बहुमत है। यदि वह उम्मीदवार नहीं उतारती तो निर्विरोध चुनाव हो जाता। लेकिन जानबूझ कर भाजपा ने इसीलिए उम्मीदवार उतारा है कि चुनाव हों।

घबराएं नहीं, जागरूक रहें

कोरोना को लेकर पायलट ने कहा कि इससे घबराने की जरूरत नहीं है। इससे बचाव के लिए सरकार और समाज मिल कर काम करेंगे तो कामयाबी मिलेगी। दुनिया भर में फैल रही इस बीमारी का मजबूती से सामना करना है। उन्होंने कहा कि एहतियाती कदमों के लिए उनके विभाग ने ग्रामसभा की बैठकों को अगले महीने तक स्थगित कर दिया है। मनरेगा मजदूरों के लिए भी एडवायजरी जारी की है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.