- राजेन्द्र सिंह देणोक/चैनराज भाटी
पाली। कोरोना वायरस [ Corona virus ] के चलते एक तरफ बाजार में मास्क की कमी आ गई, वहीं मास्क की कालाबाजारी भी शुरू हो गई। इस हालात से निपटने के लिए पाली के टेक्सटाइल उद्योगपतियों [ Pali Textile industry ] ने मोर्चा संभाला और अपनी फैक्ट्रियों में कॉटन कपड़े से मास्क बनाकर शहरवासियों को निशुल्क वितरित करना शुरू किए। पहले दिन दस हजार मास्क बनाकर शहर में हर तबके के लोगों को सामाजिक संस्थाओं व जनप्रतिनिधियों के माघ्यम से मास्क वितरित करना शुरू कर दिया गया। इससे आमजन को काफी राहत मिली है, वहीं पाली शहर के कपड़ा व्यवसायियों की इस पहल को हर जगह सराहा जा रहा है।
बार-बार धोने पर भी खराब नहीं होगा मास्क
बाजार में जो मेडिकल की दुकानों पर सिंगल लेयर व ट्रिपल लेयर मास्क मिलते हैं, वे कुछ देर ही चलते हैं, साथ ही इन मास्क को धो नहीं सकते। ऐसे में कुछ समय बाद इन मास्क का कोई उपयोग नहीं रह जाता है। पाली की टेक्सटाइल फैक्ट्रियों में बने कॉटन के मास्क साबून व डेटाल से कई बार धोकर काम में ले सकते हैं। इसलिए यह मास्क लोगों में लोकप्रिय बन रहा है।
इसलिए पड़ी जरूरत
पाली में एकाएक मास्क की कमी आ गई। मेडिकल दुकानों पर पांच से दस रुपए में मिलने वाला मास्क तीस रुपए तक मिलने लगा। ऐसे में जिला प्रशासन व सामाजिक संस्थाओं ने इसका तोड़ निकालने के लिए टेक्सटाइल इण्डस्ट्रीज संचालकों से सम्पर्क किया। सीईटीपी के पदाधिकारी, राजस्थान टेक्सटाइल हैण्ड प्रोसेसिंग एसोसिएशन सहित अन्य उद्यमियों ने अपनी फैक्ट्रियों में सलवार सूट सिलाई करने वाली स्ट्रेचिंग मशीनों पर यह मास्क बनाने का निर्णय किया। ऐसे में पहले ही दिन दस हजार मास्क कपड़े के तैयार कर वितरित कर दिए गए। इससे शहर में काफी राहत मिली है, वहीं हर आमजन तक मास्क पहुंचा है।
मुख्य चौराहों व गली-गली में पहुंचा कपड़े का मास्क
पाली की फैक्ट्रियों में बने ये मास्क सोमवार को शहर के मुख्य चौराहों व गली-गली में वितरित किए गए। विधायक ज्ञानचंद पारख, समाज सेवी अनिल भण्डारी, पार्षद पति किशोर सोमनानी सहित जनप्रतिनिधियों ने गली-गली घूमकर कपड़े के मास्क वितरित किए।
मास्क बनाने का काम जारी
मास्क की कमी को देखते हुए टेक्सटाइल फैक्ट्रियों में कामगार लगाकर पाली के कॉटन के मास्क बनाना शुरू किए, यह प्रयोग कारगर रहा, दस हजार मास्क पहले दिन बनाकर निशुल्क बांट दिए। कच्ची बस्तियों व जरूरतमंदों को पहले मास्क दिए जा रहे हैं। मास्क बनाने का काम जारी रहेगा। - विनय बम्ब, अध्यक्ष, राजस्थान टेक्सटाइल हैण्ड प्रोसेसिंग एसोसिएशन पाली।





No comments:
Post a Comment