अजमेर.
कोरोना वायरस से जागरुकता को लेकर शुक्रवार रात दरगाह खाली करवाने के दौरान एक खादिम ने राजस्थान आम्र्स कांस्टेबलरी (आरएसी) की महिला कांस्टेबल के साथ बदसलूकी कर दी। दरगाह थाना पुलिस ने महिला कांस्टेबल की रिपोर्ट पर आरोपी खादिम के खिलाफ राजकार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज कर शनिवार उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसको अदालत में पेश किया जहां से उसको न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए गए।
अनुसंधान अधिकारी कुन्दन सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात एसपी के आदेश पर दरगाह परिसर को खाली करवाने की कवायद के तहत गेट पर आवाजाही पर पाबंदी लगा दी। निजामगेट को आने-जाने के लिए खुला रखा गया था। करीब रात 9 बजे लंगरखाना गली दस नम्बर गेट पर खादिम सैयद वसीम हुसैन चिश्ती ने जबरन दरगाह में दाखिल होने का प्रयास किया। इस पर हाड़ीरानी महिला बटालियन की महिला कांस्टेबल शर्मिला ने उसे रोका। इस पर वसीम ने अभद्रता की। महिला कांस्टेबल ने अपने शिफ्ट इंचार्ज जगदीश प्रसाद से शिकायत की। शिफ्ट इंचार्ज ने मामले में आलाधिकारियों को अवगत कराते हुए मामला दर्ज करवाया।
निजामगेट पर मौजूद थे एसपी
दरगाह खाली करवाने के दौरान एसपी कुंवर राष्ट्रदीप भी शुक्रवार रात दरगाह निजामगेट पर मौजूद रहे। एसपी ने पहले दरगाह कमेटी के पदाधिकारियों को खादिमों से बात करने के लिए भेजा था। इसके बाद खादिमों से हुई वार्ता में भी दो टूक जवाब देते हुए एसपी ने मामले में सख्ती से निपटने की बात कही थी।





No comments:
Post a Comment