अजमेर.
शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही है। बीते चौबीस घंटे में चोर गिरोह कोतवाली, गंज और क्रिश्चियन गंज थाने में चोरी की वारदात अंजाम दे गए। खास बात यह रही कि कोतवाली थाना पुलिस की नाक के नीचे कालाबाग में चोर रात साढ़े 12 बजे मेडिकल स्टोर में वारदात अंजाम दी।
केस-1 : मेडिकल स्टोर से लेपटॉप-नकदी चोरी
जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के निकट काला बाग स्थित रावत मेडिकल स्टोर में चोर ताला तोड़कर नकदी व लेपटॉप चोरी कर ले गए। स्टोर संचालक ने कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। बड़लिया निवासी मदनसिंह रावत ने शिकायत दी कि काला बाग में उसका रावत मेडिकल स्टोर है। सोमवार रात को पौने दस बजे दुकान बंद करके गया था। रात साढ़े 12 बजे कस्टमर का कॉल आया कि दुकान खुली हुई है लेकिन अन्दर कोई नहीं है। लौटा तो दुकान खुली मिली, ताला टूटा मिला। चोर दुकान से लेपटॉप और गल्ले से 90 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ले गए। पुलिस ने रावत की शिकायत पर चोरी का मामला दर्जकर लिया।
सीसीटीवी में दिखे दो संदिग्ध
रावत ने बताया कि दुकान के सीसीटीवी में दो संदिग्ध नजर आए। एक दुकान के अन्दर दाखिल हुआ जबकि दूसरा साथी बाहर दरवाजे पर निगरानी रखे हुए था। महेन्द्र सिंह ने बताया कि चोर स्टोर में महंगे इंजेक्शन की तरफ गया। संभवत: उसने महंगे इंजेक्शन ही उठाए। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। उसने बताया कि चोर पहले सीढ़ी के रास्ते नीचे उतरा और दरवाजे का कुंडा तोड़ दिया।
केस-2 : गैस सिलेंडर समेत कीमती सामान चोरी
फॉयसागर रोड बड़ी नागफनी ज्योतिनगर निवासी प्रदीप कश्यप के मकान का ताला तोड़कर चोर घरेलू सामान और नकदी चुरा ले गए। पीडि़त की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने चोरी की का मामला दर्ज किया है। प्रदीप कश्यप ने बताया कि चोर मैनगेट को फांदकर मकान दाखिल हुआ। उसने किचन से रसोई गैस सिलेंडर, पीतल के बर्तन चोरी कर ले गया। चोरी गए सामान की कीमत करीब 30 से 50 हजार रुपए है।
सीसीटीवी में नजर आया चोर
कश्यप ने बताया कि चोर मकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। वह रात साढ़े 12 बजे मैनगेट फांदकर दाखिल हुआ। उसने दीवार पर रखे गमले हटाकर सारा सामान दीवार पर रख दिया और बाहर निकल गया।
केस-3 : सूने मकान के टूटे ताले
लोहागल रोड ग्लोबल कॉलेज के पीछे स्थित ग्लोबल कॉलोनी में चोर सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी व ज्वैलरी चोरी कर ले गए। मकान मालिक निखिल दत्त ने क्रिश्चियन गंज थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज करवाया। उन्होंने शिकायत में बताया कि वह 2 मार्च को परिवार के साथ बाहर गया हुआ था। दूसरे दिन लौटने पर मकान के ताले टूटे मिले। चोर मकान में अलमारी का लॉकर तोड़कर 5 हजार रुपए की नकदी, सोने की चेन सहित अन्य आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस ने निखिल की शिकायत पर चोरी का मामला दर्जकर तलाश शुरू कर दी।





No comments:
Post a Comment