भीलवाड़ा .
कोरोना संक्रमण के बीच किसानों के लिए अच्छी खबर है कि वे अब समर्थन मूल्य पर चने व सरसों की फसल बेच सकेंगे। इससे पहले जिले में सरसों व चने की समर्थन मूल्य पर खरीद एक अप्रेल से शुरू होने वाली थी, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते सरकार ने रद्द कर दी। इसे लेकर 18 मार्च से ही ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया शुरू भी हो गई थी। इसमें कई किसानों ने रजिस्ट्रेशन भी करवाया था। अब दोबारा खरीद शुरू होने से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
सहकारी विभाग के उप रजिस्ट्रार अरविन्द ओझा ने बताया कि पहले में जिले में १३ क्रय विक्रय सहकारी समितियों को ही खरीद केन्द्र बनाए गए थे। लेकिन अब सोशल डिस्टेंसिंग को देखते हुए २३ और ग्राम सेवा सहकारी समितियों को केन्द्र बनाए गए हैं। जहां पर किसान अपनी फसल बेंच सकते हैं। ओझा ने बताया कि इसको लेकर 1 मई से खरीद केंद्र शुरू किया जाएगा। सरकार की ओर से जो दरें बढ़ाई गई हैं, उन दरों के आधार पर ही फसलों की खरीद की जाएगी। सरसों 4425 व चने की फसल 4875 रुपए के भाव से खरीदी जाएगी
ओझा ने बताया कि राजफेड की ओर से समर्थन मूल्य पर खरीद के तहत सरसों में 225 रुपए की वृद्धि कर 4200 रुपए प्रति क्विंटल के स्थान पर 4425 रुपए किए गए हैं। इस प्रकार चने में समर्थन मूल्य भी 255 रुपए से बढ़ाकर 4620 रुपए प्रति क्विंटल के स्थान पर 4875 रुपए किए गए हैं। उन्होंने बताया कि तुलाई के दिन की सूचना किसान को एसएमएस के माध्यम से मिलेगी।
सोशल डिस्टेंसिंग के साथ करवानी होगी तुलाई
ओझा ने बताया कि 1 मई से इसका रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। हालांकि कई किसानों का पहले से ही रजिस्ट्रेशन हो चुका है, वे किसान 1 मई से ही तुलाई करवा सकेंगे, शेष किसान 1 मई को ही किसी भी नजदीकि कंम्प्यूटर से घर से भी रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इसके लिए विभिन्न खरीद केन्द्र प्रभारियों की एसएसओ आईडी एमएसपी पोर्टल से मैप करवाने के लिए प्रबन्ध निदेशक केन्द्रीय सहकारी बैंक एवं उप रजिस्ट्रार सहकारी समिति को जिम्मेदारी दी गई है। कृषि पर्यवेक्षकों को नियुक्त करने का दायित्व उप निदेशक कृषि विस्तार को, प्रत्येेक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर पटवारी की नियुक्ति का दायित्व संबंधित उपखंड अधिकारी को दिया गया हैं।
यहां होंगे खरीद केंद्र
किसानों की चना व सरसों की समर्थन मूल्य पर आगामी एक मई से खरीद की व्यवस्थाए शुरू की जाएगी। इसके लिए १३ क्रय विक्रय सहकारी समितियों के अलावा २३ ग्राम सेवा सहकारी समितिया शामिल है। इनमें शक्करगढ़, पण्डेर, खजूरी, कोशीथल, पोटला, महुआ, बीगोद, खेजड़ी, आंगूचा, पडासोली, पालड़ी, अंटाली, बड़लियास, मोखूंदा. गुरला, बागौर, जोरावरपुरा, चिलेश्वलर, करेड़ा, सरदारनगर, ढीकोला तथा फुलियाकला शामिल है। इन समितियों पर किसान अपने आसपास के क्षेत्र में जाकर तुलाई करवा सकते हैं। इसके अलावा अन्य समितियों से भी प्रस्ताव मंगवाए गए है।





No comments:
Post a Comment