प्रतापगढ़. लॉकडाउन के चलते बीएस 4 श्रेणी के हजारों वाहनों पर नाकारा होने का खतरा मंडराने लगा है। इनके पंजीयन की अंतिम तिथि 31 मार्च ही थी। लेकिन इस बीच लॉकडाउन हो गया और कई वाहन मालिक इस काम को नहीं करा सके। अब परिवहन विभाग ने ऐसे वाहनों की पंजीयन तिथि बढ़ाकर 30 अप्रेल कर दी है। इस तिथि तक भी यदि किसी ने पंजीयन नहीं कराया तो ये वाहन सडक़ों पर नहीं चल सकेंगे। पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उच्चतम न्यायालय ने बीएस 4 श्रेणी के वाहनों को 31 मार्च तक ही मान्यता दी थी। इसके बाद केवल बीएस 6 श्रेणी के वाहन ही बनाए और बेचे जा सकेंगे। यानि इस श्रेणी के 31 मार्च से पहले पंजीकृत वाहन ही सडक़ों पर चल सकेंगे।
फंस गए हजारों वाहन मालिक
अंतिम दिनों में बीएस 4 श्रेणी के वाहनों में कंपनियों में काफी छूट दी थी। इसके चलते इनकी बिक्री भी खूब हुई थी। अचानक लॉकडाउन होने से वाहन मालिक पंजीयन नहीं करा सके। डीलर्स की एजेंसियां भी बंद रही। वे इस पंजीयन के काम को नहीं करा सकी। इसके चलते जिले में हजारों वाहनों पर कंडम होने का खतरा बढ़ गया। बाद में फैडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन ने सरकार से आग्रह किया। इसके बाद परिवहन विभाग ने पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अप्रेल कर दी।
परिवहन विभाग रहेगा खुला
सर्वोच्च न्यायालय की रिट याचिका के अनुसार 31 मार्च 2020 तक विक्रित बीएस 4 वाहनों का पंजीयन 30 अप्रेल तक किया जाना है। सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशानुसार एफएडीए की सूची में वर्णित एवं जिले में पंजीकृत होने योग्य सभी वाहनों के संबंध में आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य औपचारिकताएं संबंधित पंजीयन अधिकारी के समक्ष पूर्ण की जाएंगी। परिवहन विभाग द्वारा 30 अप्रेल तक वाहनों के पंजीयन के लिए कार्यालय खुले रखे जाएंगे। डीटीओ मनोज कुमार ने सभी डीलर्स एवं वाहन क्रेता से कहा है कि वे नियत अवधि से आवष्यक रूप से वाहन पंजीयन करवाएं।
ऑन लाइन भी हो रहा पंजीयन
लॉकडाउन के चलते इन दिनों अधिकांश कार्य ऑनलाइन हो रहा है। इसलिए बीएस 4 श्रेणी के वाहनों का पंजीयन भी विभागीय वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन हो रहा है। प्रतापगढ़ में अब तक 500 से अधिक वाहनों के पंयीयन हो चुका है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में आवेदन आ रहे हैं।
पंजीयन नहीं कराया तो कंडम हो जाएंगे वाहन
बीएस 4श्रेणी के ऐसे वाहन जो 31 मार्च तक पंजीकृत हो चुके। वे ही सडकों पर चलने योग्य माने जाएंगे। लॉकडाउन जैसी परिस्थितियों को देखते हुए विभाग ने अब पंजीयन के लिए 30 अप्रेल तक की छूट दी है। यदि किसी वाहन मालिक ने इस तिथि तक भी पंजीयन नहीं करवाया तो उसका वाहन मात्र लोहे का पुर्जा बनकर रह जाएगा। वह सडक़ पर नहीं चल पाएगा।
. मनोज कुमार, जिला परिवहन अधिकारी, प्रतापगढ़





No comments:
Post a Comment