बांदीकुई. शहर में किराना एवं राशन सामग्री के साथ ही जनरल स्टोर, फुटवियर, खाद-बीज, सैनेटरी एवं बिल्डिंग मैटेरियल की दुकानें भी खुली। इसके चलते सुबह 8 बजे से ही लोगों का बाजार पहुंचना शुरू हो गया। अन्य दिनों की अपेक्षा भीड़भाड़ अधिक होने से लॉकडाउन व सोशल डिस्टेंस का उल्लंघन होता दिखाई दिया। खास बात यह है कि कुछ दुकानों को छोडकऱ अधिकांश पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए हाथ धोने के इंतजाम भी दिखाई नहीं दिए। वहीं लोग सोशल डिस्टेंस को भूलकर खरीदारी करते दिखाई दिए।
गौरतलब है कि सोमवार शाम उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में शहर के व्यापारियों की बैठक आयोजित हुई थी। इसके बाद रात को सोशल मीडिया पर एक पत्र वायरल हुआ। इसमें एक दिन किराना, राशन सामग्री, जनरल स्टोर, फुट वियर, सैनेटरी, बिल्डिंग मैटेरियल की दुकानें तथा दूसरे दिन मोबाइल रिचार्ज, स्टेशनरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल्स, कृषि उपकरण एवं हार्डवेयर एवं कपड़ा रेडिमेड की दुकानें खोला जाना अंकित किया हुआ है। कटला व कॉम्पलैक्स बाजार के प्रतिष्ठान बंद रखने, बाजार खुलने का समय सुबह 8 से दोपहर 1 बजे, समयावधि का उल्लंघन व अनुमति के अलावा अन्य प्रतिष्ठान खुलने पर 2 हजार रुपए जुर्माना, मास्क नहीं लगाने व सोशल डिस्टेंस के नियम उल्लंघन पर जाने पर सौ रुपए जुर्माना आदि भी अंकित है। वायरल हो रहे पत्र में किसी भी अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं है। ऐसे में व्यापारियों के बीच भी असमंजस की स्थिति बनी रही।
नगरपालिका अधिशासी अधिकारी डॉ.बनवारीलाल का कहना है कि व्यापार मण्डलों के अध्यक्षों को बुलया गया था और उनकी सहमति से ही दुकानें खोली गई हैं। प्रशासन की ओर से कोई पत्र भी जारी नहीं किया गया है। यदि भीड़ अधिक होती है या फिर कोई अव्यवस्था होती है तो प्रशासनिक स्तर पर सुधार के लिए कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस वृत्ताधिकारी संजयसिंह चम्पावत एवं थाना प्रभारी राजेन्द्र मीणा शहर में गश्त कर लॉकडाउन एवं सोशल डिस्टेंस की पालना कराने में जुटे दिखाई दिए। इस संबंध में उपखण्ड अधिकारी पिंकी मीणा से भी मोबाइल पर बात करने का प्रयास किया, लेकिन सम्पर्क नहीं हो सका।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए आमजन को दिया संदेश
बांदीकुई. राज्य भारत स्काउट-गाइड स्थानीय संघ के स्काउटर कुलदीप शर्मा ने आरोग्य सेतु एप के महत्व को समझाने और इसके प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लघु नाटिका तैयार की है। स्काउटर ने बताया कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए सरकार ,कार्मिक और अन्य सभी लोग अनेक प्रकार से प्रयासरत हैं। इस महामारी से बचने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ही ‘आरोग्य सेतु एप’ का भी बड़ा महत्व है। इसके प्रति जागृति उत्पन्न करने के लिए लघु नाटिका नाम से वीडियो तैयार किया है। स्काउट सचिव गोवर्धनलाल गुप्ता ने लघुनाटिका को कोरोना से जंग में अनूठी पहल बताया। वहीं स्काउटर गिर्राज प्रसाद टांक के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में लाउड स्पीकर के माध्यम से लोगों को लॉक डाउन के बारे में जानकारी दी जा रही है। कब मास्टर जगदीश सैनी के द्वारा अपनी पंचायत क्षेत्र में अनेक स्थानों पर सेनेटाइज छिडक़ाव के साथ परिण्डा अभियान चलाया गया। रोवर लीडर राकेश मेहरा,योगेश गोठवाल,सतवीरसिंह, विनोद सैनी के साथ अनेक स्काउट बालकों के द्वारा बांदीकुई शहर में मुख्य चौराहे, बैंकों में सोशल डिस्टेंसिनग का पालन करवाने के लिए पुलिस के साथ सहयोग किया जा रहा है।
पौधों में डाला पानी, किया श्रमदान
लालसोट. रोवर स्काउट ने मंगलवार को पौधों में पानी डालकर साफ-सफाई कर श्रमदान भी किया। ज्योतिबा फुले ओपन रोवर स्काउट और अशोक शर्मा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के रोवर स्काउट ने लॉक डाउनको ध्यान में रखते हुए गर्मी के मौसम में उपखंड कार्यालय में लगाए पौधों की संभाल की। पेड़ो में पानी डाला। साथ ही अपर जिला न्यायालय परिसर और नेहरू गार्डन में अनुराग सेवा संस्थान की ओर से लगाए गए परिन्डों में भी पानी भरा। नए परिंडे भी लगाकर जल भरा गया इस दौरान राष्ट्रपति से सम्मानित स्काउट बलराम मीणा, मनीष महावर, पवन मिरोठा, महेश सैनी आदि मौजूद थे।(नि.स.)





No comments:
Post a Comment