Breaking News
recent

ठेके से शराब ठिकाने लगाने में चौकीप्रभारी की भी लिप्तता!

अजमेर. क्लॉक टावर थाना क्षेत्र स्थित केसरगंज इलाके में गुरुवार रात एक वाइन शॉप को खाली करवाने में चौकी प्रभारी की लिप्तता सामने आई है। चौकी के एक सिपाही ने शराब से भरी दो पिकअप को एस्कॉर्ट भी किया। इस कारगुजारी के खिलाफ एक सिपाही ने आवाज भी उठाई। लेकिन उस सिपाही सहित छह पुलिसकर्मियों को क्लॉक टावर थाने से हटा कर जिले के विभिन्न थानों में तैनाती दे दी गई। इससे सवाल खड़े हुए हैं। हालांकि पुलिस अधीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप का कहना है कि विशेष कार्य से उन्हें दूसरी जगह भेजा गया है।

केसरगंज में लॉकडाउन में बंद पड़ी वाइन शॉप से केसरगंज पुलिस चौकी प्रभारी बलदेवराम चौधरी की कथित शह पर शराब की पेटियों का गुरुवार देर रात पिकअप में लदान किया गया। बताया जा रहा है कि एक सिपाही ने पुलिस और ठेकेदार के कारिंदों की कारगुजारी को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया। सिपाही के फोटो खींचते ही चौकी प्रभारी चौधरी समेत मौजूद लोग सकते में आ गए। चौकी प्रभारी ने थानाप्रभारी को सिपाही की फोटो खींचने के कृत्य की सूचना दे दी। जानकारी में आया है कि थानाप्रभारी ने सिपाही पर दबाव बना कर फोटो डिलिट करवा दिया। यह मामला शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आया। उन्होंने शनिवार को उक्त थाने में तैनात छह पुलिसकर्मियों को अन्यत्र भेजते हुए तत्काल ज्वॉइन के आदेश दिए।

घटना के बाद कार्रवाई

गुरुवार रात को हुई घटना के बाद सिपाही निरंजनसिंह, सत्यप्रकाश, मुकेश मीणा, सुभाष शर्मा, सुखराम व सुभाष गढ़वाल को अन्यत्र लगाया गया है।

चौकी पहले भी रही विवादित

क्लॉक टावर थाने की केसरगंज पुलिस चौकी पूर्व में भी ईदगाह सब्जी मंडी के बाहर खुलेआम सट्टे की फड़ संचालित करने के मामले में विवादों में आ चुकी है। पत्रिका के स्टिंग ऑपरेशन के बाद चौकीप्रभारी ने खाइवाली करने वाले पांच जनों को गिरफ्तार किया था।

इनका कहना है...

मामला संज्ञान में आया था। पड़ताल की जा रही है। छह सिपाहियों को उनके कामकाज को देखते हुए विभिन्न थानों में विशेष काम के लिए लगाया है। काम खत्म होने पर पुन: हटा लिया जाएगा।

कुंवर राष्ट्रदीप, पुलिस अधीक्षक



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.