Breaking News
recent

लॉकडाउन में ढिलाई नहीं, उल्लंघन पर होगी सख्ती

बीकानेर। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने तीसरी बार लॉकडाउन बढ़ाया है। प्रदेश में तीसरे लॉकडाउन के बाद पुलिस पर इसे लागू कराने की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है जो बेहद चुनौती पूर्ण है।

४२ दिनों बाद ऑरेंज और ग्रीन जोन के जिलों को सरकार ने बड़ी रियायतें दी है। अब इन रियायतों के साथ पुलिस को लॉकडाउन की पालना कराना चुनौती बना है। पुलिस महकमे ने इसके लिए विशेष योजना बनाई है। बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक जोस मोहन ने रेंज के सभी पुलिस अधीक्षकों की वीडियो कांफ्रेंसिग कर लॉकडाउन के संदर्भ में खास दिशा-निर्देश दिए हैं। हर जिले में थाना स्तर पर दो-दो स्पेशल टीमें गठित की गई हैं। रेंज आइजी कानून व्यवस्थाओं की खुद मॉनिटरिंग करेंगे।

वाहन जब्त होंगे, महामारी फैलाने के आरोप में होगा मामला दर्ज
घरों से बेवजह निकलने वालों के पुलिस वाहन जब्त करेंगी। घर से बाहर निकलने का ठोस व वाजिब कारण नहीं होने की स्थिति में वाहन जब्त किए जाएंगे। इतना ही नहीं वाहन चालक के महामारी का संक्रमण फैलाने के आरोप में महामारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज होगा।


रेंज कार्यालय में अलग सेल बनाई
पुलिस महानिरीक्षक ने चारों जिलों में प्रतिदिन होने वाली कार्रवाई एवं दर्ज मुकदमों की मॉनिटरिंग के लिए एएसपी दीपक कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक नई सेल गठित की गई, जिसमें चार पुलिस अधिकारी शामिल हैं। यह दिन की रिपोर्ट आईजी के समक्ष प्रस्तुत कर रहे हैं।

अपील बेअसर, लोग बेफिक्र
पुलिस आमजन से बार-बार अपील और मना करने के बावजूद लोग घरों से बाहर सड़कों पर आ रहे हैं। कुछ लोग जरूरी सामान लेने निकल रहे है तो कुछ ऐसे भी है जो बिना काम के बाहर घूमते दिखाई देते हैं। इनसे निबटने में पुलिस को पसीना छूट रहा है। पुलिस की अपील बेअसर साबित हो रही है। लोगों को अपनी व अपनों की जरा भी फिक्र नहीं है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस की सख्ती करती है तो कई रसूखात वाले उच्चाधिकारियों को शिकायत करते हैं। पुलिस महकमे के उच्चाधिकारी भी दोषी मान कार्मिक पर ही कार्रवाई करते हैं।

लॉकडाउन के बाद से अब तक रेंज में एमवी एक्ट में की गई कार्रवाई
जिला वाहन जब्त कार्रवाई
बीकानेर २४७२ १७६८५
श्रीगंगानगर ३४३३ १७३२९
हनुमानगढ़ १८४९ ८५९६
चूरू २६०४ ६७८४

लॉकडाउन के उल्लंघन की अब तक की गई कार्रवाई
जिला मामले १५१ में गिरफतारी एफआईआर में गिरफ्तारी
बीकानेर १०१ २९७ १४३
श्रीगंगानगर ९९ २२० २४३
हनुमानगढ़ ८२ ५५५ ११२
चूरू १११ २३८ १२२


लॉकडाउन का उल्लंघन नहीं करेंगे बर्दाश्त
लॉकडाउन की पालना कराना चुनौती से कम नहीं है। रेंज के सभी पुलिस अधीक्षकों से सख्ती से इसकी पालना कराने के निर्देश दिए गए हैं। लॉकडाउन के तहत हर दिन की जाने वाली कार्रवाई की समीक्षा की जा रही है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
जोस मोहन, पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.