नोखा. अब नहीं छूटेगी रुलाई, खुशियों की वेला आई, पहले ही दिन हुई चार किसानों के चने की तुलाई। कोराना से बचाव के लिए लागू लॉकडाउन के दौरान कस्बे के कृषि उपज मंडी परिसर में सोमवार से समर्थन मूल्य पर सरसों और चने की सरकारी खरीद शुरू हुई। सरकारी खरीद का तहसीलदार द्वारकाप्रसाद शर्मा ने शुभारंभ किया। इस दौरान पहले दिन जारी किए गए टोकन के चार किसानों के चने की तुलाई की गई। इससे पहले चना लोड कर आई गाडिय़ां मंडी के गेट पर सेनेटाइज की गईं और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ फसल की तुलाई भी की गई।
सरकार के अनुसार ही होगी खरीद
क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड के चना खरीद प्रभारी किशोरीलाल शर्मा ने बताया कि मंगलवार को दर्जन भर से अधिक किसानों की फसल तुलाई और सरकार के दिशा-निर्देशों के मुताबिक ही सरकारी खरीद की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपनी फसल साफ कर के लाने के लिए कहा, ताकि उनकी फसल की तुरंत तुलाई की जा सके।
सात केंद्रों पर नहीं हुई तुलाई
इधर, नोखा तहसील में सरसों व चने की खरीद के लिए सात अन्य केंद्र बनाए गए हैं, लेकिन उन पर अभी तक सरकारी खरीद शुरू नहीं हो पाई है। किसानों की मांग है कि जो खरीद केंद्र बनाए गए हैं, वहां पर जल्द सरकारी खरीद शुरू कराई जाए, ताकि वे अपने नजदीकी केंद्र पर फसल तुलाई करवा सकें।





No comments:
Post a Comment