पाली। पाली शहर में कोरोना [ Corona virus ] का ऐसा बम फटा कि गुरुवार को पूरे शहर में सन्नाटा पसर गया। शहर की हर गली में चबूतरी पर बैठने वाले लोग भी घरों में कैद हो गए। सभी के मुंह पर एक ही सवाल है अब क्या होगा और आगे कितने लोग इस महामारी की चपेट में आ जाएंगे। जो लोग घरों से बाहर निकले, वे केवल दवा लेने या सरकारी कार्यालय जाने के लिए। इसे अलावा कोई व्यक्ति घरों से बाहर तक नहीं आया। स्थिति यह रही कि अब तक पुलिस की ओर से रास्तों को बल्लियां लगाकर बंद किया जा रहा था। वहीं गुरुवार को लोगों ने क्षेत्रवासियों के अलावा किसी का भी प्रवेश बंद करने के लिए अपनी तरफ से ही बल्लियां लगाकर मोहल्लों को सील कर दिया।
इन मोहल्लों व क्षेत्रों को किया बंद
पुलिस ने कर्फ्यू लगाए नाडी मोहल्ला के आस-पास के क्षेत्रों को बंद किया था। जबकि लोगों ने रामनगर की गलियां, टांकों का वास, घांचियों का वास, हैदर कॉलोनी की गलियों, घरवाला जावा क्षेत्र, जवाहर नगर क्षेत्र, शिवाजी नगर, जनता कॉलोनी, महात्मा गांधी कॉलोनी, रामदेव रोड क्षेत्र, भेरूघाट घंचियों का वास, रजत नगर क्षेत्र, जयनगर इलाका, जूना मठ गली, चारणियों का वास आदि को लोगों ने बंद कर दिया। इससे कोरोना के संक्रमण की चैन को बढऩे से रोका जा सके।
पुलिस ने की सख्ती
कोरोना के विस्फोट के बाद प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट हो गया है। पुलिसकर्मियों ने शहर के भीतरी क्षेत्र में जाने वाले सभी मार्ग बंद कर दिए हैं। जिन संकरी गलियों से दोपहिया वाहन सूरजपोल व अन्य क्षेत्रों में जा सकते थे। वे भी बंद कर दिए गए हैं। इसके लिए पुलिस ने सिंधी कॉलोनी, पानी दरवाजा, गांधी मूर्ति, सोमनाथ-सूरजपोल मार्ग, सर्राफा बाजार, धानमंडी, सोमनाथ आदि क्षेत्रों में सख्ती बढ़ा दी है।





No comments:
Post a Comment