पाली। कोरोना संक्रमण के चलते शहर नई सब्जी मण्डी में वाहन ले जाने पर पाबंदी लगा दी गई। सब्जी विक्रेताओं का स्थान भी डिस्टेंसिंग के साथ बदल दिया गया, लेकिन इसके बावजूद वहां अभी तक सोशल डिस्टेंसिंग की पालना नहीं हो रही है। जबकि दूसरी तरफ सूरजपोल पर एक दिन पहले एसपी के दौरा करने के बाद गुरुवार को नजारा बदल गया। फल व सब्जी विक्रेता सोशल डिस्टेंसिंग के साथ खड़े रहे।
सब्जी मण्डी में सुबह 9.50 बजे काफी संख्या में सब्जी विक्रेता बैठे थे। ठेले वाले भी खड़े थे, लेकिन किसी को सोशल डिस्टेंसिंग से सरोकार नहीं था। वहां बैठे विक्रेताओं ने मास्क तक नहीं लगा रखे थे। जो ग्राहक ठेलों पर खड़े थे, उनको भी पुलिसकर्मी या विक्रेताओं ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को नहीं कहा। हालांकि सटकर खड़े ग्राहक कैमरा देखकर जरूर दूर चले गए।
पुलिसकर्मी रहते हैं तैनात
सब्जी मण्डी में सुबह से दोपहर तक पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। वे मण्डी में प्रवेश करने वालों के महज वाहन रोकने को ही अपनी ड्यूटी मानते हैं। जबकि उनको सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करवाना है। स्थिति यह है कि कई पुलिसकर्मी भी नियम तोडकऱ सब्जी खरीदते हैं।
सूरजपोल पर सुधारी व्यवस्था
सूरजपोल पर बांगड़ अस्पताल के सामने और राजेन्द्र टॉकिज बिल्डिंग के सामने किराणे की दुकानों पास सब्जी व फल वाले खड़े रहते थे। वहां भीड़ होती थी। यहां एक दिन पहले एसपी ने दौरा किया था। इस पर गुरुवार को पुलिसकर्मियों ने वहां से फल व सब्जी वालों को दूसरी जगह पर खड़ा किया। सब्जी वालों को सूरजपोल-नहर मार्ग पर और फल वालों को बांगड़ चिकित्सालय वाली दिशा में। इससे भीड़ कम होने के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन हो गया।





No comments:
Post a Comment