पुष्कर (अजमेर). सरोवर के जयपुर घाट पर विदेशी पर्यटकों की ओर से सरेआम अनलॉक-1.0 की बंदिशों की धज्जियां उड़ाने की घटना ने प्रशासन व पुलिस की व्यवस्था की पोल खोल दी है। सोमवार को पुलिस व प्रशासन में हडक़म्प मच गया। पुलिस ने कस्बे में कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कइयों से जुर्माना वसूला। वहीं शाम को उपखंड अधिकारी देविका तोमर ने कस्बे सहित घाट क्षेत्र का दौरा किया। जयपुर घाट पर एसडीओ तोमर के दौरे के दौरान घाट पर कई विदेशी पर्यटक बैठे मिले। पुलिस व प्रशासन को देखते ही पर्यटक मौके से रुखसत हो लिए लेकिन पुष्कर के बाजार व रेस्टोरेन्ट मेंं पर्यटक बेरोट-टोक मास्क लगाए बिना, सोसिशल डिस्टेंसिंग तोडक़र घूमते नजर आए।
एसडीओ ने भी गाइडलाइन की सख्ती से पालना की कागजी कार्रवाई की खानापूर्ति कर दी। यह जानने का प्रयास तक नहीं किया गया कि बंदिशों का उल्लंघन करने वाले पर्यटक अचानक समूह मेंघाट पर कहां से आ गए तथा किस होटल में ठहरे हुए थे। पर्यटकों व संबधित होटल संचालकों के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई।
ऐसे हुई लापरवाही
अनलॉक-1.0 शुरू होने के साथ ही तीर्थनगरी के बाजार, सरोवर के घाट, मंदिरों व होटलों के आसपास पुलिस निगरानी घटा दी गई। पुलिस मित्रों की सेवाएं बंद कर दी गई। पाबंदियों में ढील मिलते ही विदेशी पर्यटक दुपहिया वाहनों पर बिना मास्क लगाए बे-रोकटोक दौड़ते नजर आए। रविवार की शाम विदेशियों की ओर से लॉकडाउन की बंदिशें तोडऩा भी इसी व्यवस्था का परिणाम कहा जा सकता है।
होटल ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष थमाया पत्र
पर्यटकों की ओर से गाइड लाइन का उल्लंघन करना उजागर होने के बाद सोमवार शाम एसडीओ देविका तोमर ने पुष्कर पुलिस से घटना की रिपोर्ट मांग ली। शाम को कस्बे के बाजार व घाटों का दौरा करते हुए होटल ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रघु पारीक को एक पत्र थमा दिया। इसमें सभी होटल संचालकों को उनके यहां ठहरे पर्यटकों से धारा 144 की पालना कराने, पर्यटकों को अकारण होटल से बाहर जाने से रोकने, मास्क लगाने व सोशल डिस्टेंसिंग की पालना कराने के लिए पाबंद किया गया है। पर्यटकों की लापरवाही पर होटल संचालक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं पत्रिका में प्रकाशित समाचार को आधार बनाकर उपअीक्षक ग्रामीण विनोद कुमार ने थाने से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी ली। पुष्कर थाने से इस रिपोर्ट में भविष्य में पाबंदियों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई करने तथा होटलों में मास्क लगाने, सेनिटाइजर का उपयोग करने की हिदायत देना बताया गया। सोमवार की शाम जयपुर घाट व बाजार में पुलिसकर्मी लगा दिए गए है।
पर्यटकों पर एक नजर
लॉकडाउन के बाद से लेकर आज तक पुष्कर में करीब सवा दो सौ विदेशी पर्यटक रुके हुए हैं। इनमें सर्वाधिक इजरायल के 35 हैं। जबकि इनके अलावा अमरीका, इटली, फ्रांस व अन्य देशों के पर्यटक हैं।
इनका कहना है
लॉकडाउन की अवहेलना करने वालों के खिलाफ निश्चित कार्रवाई की जाएगी। जांच की जा रही है।
- विनोद कुमार, पुलिस उप अधीक्षक ग्रामीण





No comments:
Post a Comment